हरियाणा की 90 सीटों पर मतदान जारी, विनेश की सीट पर बूथ कैप्चरिंग की शिकायत, बीजेपी कैंडिडेट से धक्कमुक्की
हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक 9.53 फीसदी वोटिंग हुई है। सबसे ज्यादा 12.71 फीसदी वोटिंग जींद जिले में तो सबसे कम पंचकूला में वोटिंग हुई है। पंचकूला में 4.08 फीसदी वोटिंग हुई है। शाम 6 बजे तक वोटिंग चलेगी। वहीं काउंटिंग 8 अक्टूबर को होगी।
आपको बता दें कि राजनेता भी वोट करने पहुंच रहे हैं। कुरुक्षेत्र से बीजेपी के सांसद नवीन जिंदल घोड़े पर सवार होकर मतदान करने पहुंचे। तो वहीं भिवानी की बात करें तो यहां पोलिंग बूथ पर झड़प हो गई। यहां कमल प्रधान नाम के व्यक्ति ने कांग्रेस प्रत्याशी अनिरुद्ध के कार्यकर्ताओं पर हाथापाई के आरोप लगाए हैं। कमल ने खुद को बीजेपी का एजेंट बताया है।
वहीं रोहतक की बात करें तो यहां हरियाणा जनसेवक पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व विधायक बलराज कुंडू ने कांग्रेस उम्मीदवार बलराम दांगी के पिता पर हमले का आरोप लगाया है। धक्कामुक्की में उनके कपड़े भी फट गए।
सोनीपत और पंचकूला की बात करें तो यहां ईवीएम मशीन खराब होने की शिकायत मिली। जिसके चलते वोटिंग आधे घंटे देरी से शुरू हो पाई। जींद के जुलाना में बूथ कैप्चरिंग की शिकायत मिली जिसके बाद बीजेपी कैंडीडेट कैप्टन योगेश बैरागी भी मौके पर पहुंचे इस दौरान कुछ लोगों ने उनका विरोध किया। इस बीच धक्का मुक्की भी हुई।
वहीं जहां एक तरफ हरियाणा विधानसभा के लिए वोटिंग हो रही है वहीं दूसरी ओर बीजेपी ने अपने चार बागियों को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इसमें देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल के साथ गौतम सरदाना, तरुण जैन और अमित ग्रोवर शामिल हैं।