हरियाणा में कल वोटिंग, प्रशासन ने की तैयारियां, प्रदेश में बने 20,632 पोलिंग बूथ, सुरक्षा के लिए 225 कंपनियां तैनात
हरियाणा की 15वीं विधानसभा के लिए 5 अक्टूबर को वोटिंग होने जा रही है। हरियाणा चुनाव आयोग ने इसके लिए अपनी तैयारियां भी कर ली हैं। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि विधानसभा के आम चुनाव-2024 में प्रदेश के 2,03,54,350 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1031 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए वोटर्स जिन दस्तावेजों को प्रयोग कर पाएंगे उनमें आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक या डाकघर की ओर से जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) के तहत आरजीआई की ओर से जारी स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्रीय/राज्य सरकार/सार्वजनिक उपक्रमों या सार्वजनिक लिमिटेड कंपनियों की ओर से कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों/विधायकों/एमएलसी को जारी किए गए आधिकारिक पहचान पत्र और विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र शामिल हैं।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने कहा कि चुनाव ड्यूटी पर जा रहे मतदान दल के कार्य में अगर कोई असामाजिक तत्व या राजनीतिक पार्टियां अपने प्रभाव के चलते उनकी ड्यूटी में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करते हैं तो उनके विरूद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र के अंदर यदि किसी व्यक्ति का आचरण सही नहीं है या पीठासीन अधिकारी के आदेशों की अवहेलना करता है तो उसे ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारी मतदान केंद्र से बाहर निकाल सकता है।
रिटर्निंग अधिकारी, पीठासीन अधिकारी, पुलिस ऑफिसर या कोई अन्य व्यक्ति जिसे मतदान केंद्र के अंदर शांति और व्यवस्था कायम रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात किया गया हो, उन्हें छोड़कर यदि कोई व्यक्ति हथियार के साथ मतदान केंद्र में आता है तो उसे अपराध माना जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आपको बता दें कि पांच अक्टूबर को सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना है। इसके लिए पोलिंग पार्टियां भी तैयार हैं और अपने-अपने पोलिंग स्टेशन पर रवाना हो रही हैं। जहां एक तरफ पोलिंग पार्टियों ने अपनी तैयारी की है। वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा की दृष्टि से भी तैयारियां पूरी हैं। चुनावों में सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 225 कंपनियां तैनात की जा चुकी हैं। इसके अलावा, फ्लाइंग स्कवॉ की 500 टीमें और 461 स्टेट सरविलेंस टीमें भी तैनात हैं। इसके साथ ही मतदान के दिन सभी केंद्रों की वेबकास्टिंग भी की जाएगी। आपको बता दें कि मतदान के लिए प्रदेश में 20 हजार 632 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि चुनावों में सुरक्षा की दृष्टि से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 225 कंपनियों की तैनाती की जा चुकी है। इसके अलावा, फ्लाइंग स्कवॉड की 500 टीमें तथा 461 स्टेट सरविलेंस टीमें भी तैनात हैं। उन्होंने बताया कि मतदान के दिन सभी केंद्रों की वेबकास्टिंग की जाएगी।