महिला एशिया कप टी-20 क्रिकेट- भारत ने टॉस जीत बैटिंग चुनी, शैफाली ने चौके से की शुरुआत
श्रीलंका के दांबुला में भारत और श्रीलंका के बीच विमेंस एशिया कप 2024 का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी। भारत की ओर से स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा क्रीज पर उतरीं। फिलहाल 3 ओवर के बाद भारत के 21 रन हैं। आपको बता दें इस पूरे टूर्नामेंट में भारत और श्रीलंका की टीम अजेय रही है। वहीं सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश और श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई है।
भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन है और ये खिताब भारत में रखने के लिए उन्हें आज का मैच जीतना होगा। भारत की ये भी कोशिश होगी कि ये मुकाबला जीतकर भारत रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप जीतने वाली महिला क्रिकेट टीम बन जाएगी। भारत इससे पहले महिला एशिया कप में चार बार वनडे फॉर्मेट में और तीन बार टी-20 फॉर्मेट में चैंपियन रह चुका है ।
इस टूर्नामेंट की बात करें तो भारत अभी तक एक भी मैच नहीं हारा है। हालांकि श्रीलंका भी ऐसे ही अजेय रहकर फाइनल में पहुंचा है। इस तरह दोनों टीमें ही स्ट्रॉंग मानी जा रही हैं। वहीं भारत की पूरी ही टीम चाहे वो बैटर्स हों या बॉलर्स सभी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। यही कारण है कि इस पूरे एशिया कप में भारत ने विरोधी टीमों को कोई मौका ही नहीं दिया। ऐसे में भारतीय क्रिकेट फैन्स को उम्मीद है कि आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम विमेंस एशिया कप का खिताब अपने पास ही रखने में कामयाब होगी।