उत्तराखंड: महिला जेई से छेड़खानी के आरोप में डीडीओ गिरफ्तार

उत्तराखंड: महिला जेई से छेड़खानी के आरोप में डीडीओ गिरफ्तार
Demo Pic

देहरादून:महिला अवर अभियंता से छेड़छाड़ के आरोपी उत्तरकाशी के जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने आरोपी को सात दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।विकासखंड मुख्यालय में तैनात एक महिला जेई ने डीडीओ विमल कुमार पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला जेई ने इस संबंध में मंगलवार शाम पुलिस को तहरीर दी थी। तहरीर में महिला जेई ने बताया था कि मंगलवार सुबह वह अपने स्थानांतरण के संबंध में जिला विकास अधिकारी से मिलने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंची थी। इस दौरान वहां वीडीओ पुरोला भी मौजूद थे। डीडीओ विमल कुमार ने वीडियो पुरोला को वहां से जाने को कहा। आरोप है कि इसके बाद डीडीओ ने उनके साथ अश्लील हरकत की व शारीरिक शोषण करने का प्रयास किया। महिला जेई के अनुसार वह किसी प्रकार स्वयं को बचाने में सफल रहीं।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोप में डीडीओ विमल कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मंगलवार देर रात करीब पौने 12 बजे पुलिस ने आरोपी विमल कुमार को मोरी तहसील के समीप पुरोला मोटर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। एसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी विमल कुमार को न्यायालय के आदेश पर सात दिनों की न्यायिक हिरासत में टिहरी जेल भेज दिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में चौकी इंचार्ज शशि राणा ,कांस्टेबल कुंवर, मुकेश शामिल थे।
डीएम ने की निलंबन की संस्तुति
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि घटनाक्रम से शासन को अवगत कराया गया है। आरोपी अधिकारी को जिले से हटाने और निलंबन की संस्तुति भी की गई है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।
पहले भी विवादों में रहा है विमल कुमार
विमल कुमार पूर्व में भी विवादों में रहा है। विकास भवन में भी छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। बताया जा रहा है कि इस मामले को किसी तरह दबा दिया गया था। जिलाधिकारी ने बताया कि विमल कुमार के बारे में कई बाते सामने आ रही हैं। वहीं, एसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि पूर्व की घटनाओं के बारे में जानकारी मिल रही है।