पूर्व सीएम कल्याण सिंह पंचतत्व में विलीन, सीएम धामी समेत उत्तराखंड के कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व सीएम कल्याण सिंह पंचतत्व में विलीन, सीएम धामी समेत उत्तराखंड के कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व सीएम कल्याण सिंह पंचतत्व में विलीन, सीएम धामी समेत उत्तराखंड के कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

बुलंदशहर: यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार बुलंदशहर जनपद के नरौरा में गंगा तट पर बासी घाट पर किया गया। बेटे राजवीर ने मुखाग्नि दी। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार से पहले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पुष्प चक्र चढ़ाकर श्रदांजलि दी। 
इसके पहले उनके पार्थिव शरीर को उनकी कर्मभूमि अलीगढ़ से उनकी जन्मभूमि पैतृक गांव अतरौली लाया गया जहां  अपने जनप्रिय नेता का अंतिम दर्शन को लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।अंतिम संस्कार से पूर्व गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और पूरा क्षेत्र कल्याण सिंह अमर रहे, राम भक्त कल्याण सिंह अमर रहे के नारों से गूंज उठा। भाजपा के झंडे में लिपटे उनके शव पर, राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भी लिपटा था।
अलीगढ़ से नरौरा तक पूरे रास्ते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह शव वाहन के पीछे कार से चलते रहे। जैसे ही पार्थिव देह नरोरा स्थित बांसी घाट पहुंचा, वहां मौजूद लोगों ने जननायक कल्याण सिंह अमर रहे, राम भक्त कल्याण सिंह अमर रहे, जैसे नारे लगाने शुरू कर दिए और कार्यकतार्ओं में उनके शव पर पुष्पांजलि अर्पित करने की होड़ लग गई। भीड़ को संभालने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी तो खुद सीएम योगी ने माइक लेकर लोगों को अपने स्थान से ही श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील करनी पड़ी।
उत्तराखंड के सीएम ने भी दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नरोरा, बुलंदशहर जाकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान के निवर्तमान राज्यपाल श्री कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. कल्याण सिंह जी योग्य प्रशासक एवं कुशल राजनीतिज्ञ थे, वे हम सभी के लिये हमेशा प्रेरणास्त्रोत रहेंगे। मुख्यमंत्री के साथ ही केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री श्री अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन कौशिक ने भी स्व कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।