UP Budget Session 2021: सीएम योगी ने किया बजट सत्र को संबोधित
लखनऊ: UP Budget Session 2021 उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र में दूसरे दिन समाजवादी पार्टी ने कृषि कानून को लेकर बहिर्गमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सदन को संबोधित किया। सदन में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी तथा पूर्व राज्यपाल को श्रद्धांजलि दी गई। विधान परिषद में प्रोटेम स्पीकर कुंवर मानवेंद्र सिंह की नियुक्ति को लेकर विपक्ष के बवाल के बाद अधिष्ठाता ने नोटिस को खारिज कर दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे आश्चर्य होता है कि समाजवादी पार्टी किस मुंह से किसानों, युवाओं और महिलाओं के बारे में बोलती है। यह लोग तो कभी भी इनकी बात सदन में नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतंत्र की शक्ति संवाद है। संवाद में सहमति और असहमति भी होगी, लेकिन सहमति तथा असहमति के मध्य समन्वय स्थापित करना ही तो लोकतंत्र का काम है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब देश गणतंत्र दिवस मना रहा था, उस दिन लाल किले पर तिरंगे का अपमान हुआ। देश के संवैधानिक प्रतीकों का असम्मान हुआ। क्या यह किसान आंदोलन की आड़ में देश की छवि को खराब करने की साजिश नहीं है। इसी कारण कोई भी स्वाभिमानी समाज इसको स्वीकार नहीं कर सकता है। जहां तक किसानों के हित की बात है कि उत्तर प्रदेश में एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स ने हजारों हेक्टेयर भूमि को भू-माफियाओं से मुक्त कराया है।
विपक्षी दलों की सरकारों के समय जबरन कब्जा की गईं यह अधिकतर जमीनें, किसानों और सार्वजनिक भूमि का हिस्सा थीं। चिंता की बात है कि अन्नदाता किसान नहीं व्यक्त कर रहा है बल्कि किसान को धोखा देकर दलाली करने वाले लोग आज जरूर इस बात को लेकर चिंतित हैं कि धन सीधे किसानों के बैंक खातों में क्यों जा रहा है। उनकी चिंता के पीछे सद्भावना नहीं दुर्भावना है।
उत्तराखंड हादसे के पीड़ितों को हरसंभव मदद : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने से हुए हादसे के शिकार लोगों को विधानसभा में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। सदन में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी व पूर्व राज्यपाल मोतीलाल वोरा के साथ 35 पूर्व सदस्यों को भी याद करते हुए शोक प्रस्ताव पारित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक आपदा में बड़े स्तर पर जन व धन हानि हुई है। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद प्रदेश के कई लोगों का अभी पता नहीं चल सका है। योगी ने बताया कि पीड़ितों की मदद के लिए गन्ना विकास मंत्री सुरेश राणा की अध्यक्षता में मंत्रियों की टीम तथा गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम पीडि़तों को यथा संभव राहत प्रदान कराने में जुटी है। उत्तराखंड सरकार से भी लगातार संपर्क बना कर मदद की जा रही है।
विधानमंडल के बजट सत्र में दूसरे दिन भी सपा का बहिर्गमन, विप में सभापति को हटाने का नोटिस खारिज: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में उन्नाव में दो बालिकाओं की मृत्यु के बाद कांड को लेकर विधान परिषद में नोकझोंक भी हुई। इसके बाद सपा व बसपा ने सदन का बहिर्गमन कर दिया। सपा, बसपा और कांग्रेस ने उन्नाव में अनुसूचित जाति की तीन किशोरियों के खेत में अचेतावस्था में पाए जाने की घटना पर सदन में काम रोक कर चर्चा कराने की मांग की। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष में नोकझोंक हुई। सरकार के जवाब से असंतुष्ट सपा और बसपा सदस्य सदन से बाहर चले गए।
विशेषाधिकार समिति को जांच: विधान मंडल के बजट सत्र के पहले ही दिन समाजवादी पार्टी के विधायकों से दुर्व्यवहार की जांच विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई है। समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य आनंद भदौरिया, सुनील सिंह यादव व राजेश यादव गुरुवार को ट्रैक्टर पर बैठकर विधान भवन जा रहे थे। इस दौरान पुलिस ने इन्हेंं रोका। सपा के इन सदस्यों ने सदन में विशेषाधिकार हनन का मुद्दा उठाया था। इन तीनों का आरोप था कि पुलिस ने इनके साथ दुर्व्यवहार किया। इस दौरान सदन में घटनाक्रम की फोटो भी दिखाई गई। इसके बाद अधिष्ठाता सुरेश कुमार त्रिपाठी ने विधायकों से दुर्व्यवहार की जांच विधान परिषद की विशेषाधिकार समिति को सौंपने का निर्देश दिया।

