अमित शाह ने इस क्षेत्र से नक्सलवाद को पूरी तरह से खत्म करने का किया दावा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को दावा किया कि झारखंड के बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद का पूरी तरह से सफाया हो गया है। उन्होंने कहा कि एक करोड़ रुपये के इनामी कमांडर समेत तीन शीर्ष माओवादी मारे गए हैं।
झारखंड के हज़ारीबाग ज़िले में सोमवार सुबह सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन माओवादी मारे गए। पुलिस ने बताया कि अमित शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि CRPF की कोबरा बटालियन और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है, जिसमें कुख्यात नक्सली कमांडर सहदेव सोरेन उर्फ़ परवेश मारा गया। सोरेन प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सदस्य था और उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम था।
गृह मंत्री ने बताया कि सुरक्षा बलों ने दो अन्य वांछित माओवादियों रघुनाथ हेम्ब्रम उर्फ चंचल और बीरसेन गंझू उर्फ रामखेलावन को भी मार गिराया।
उन्होंने पोस्ट में कहा कि इस ऑपरेशन के बाद उत्तरी झारखंड के बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद का पूरी तरह से सफाया हो गया है।
जल्द ही पूरा देश नक्सलवाद की समस्या से मुक्त हो जाएगा। गृह मंत्री ने बार-बार कहा है कि 31 मार्च, 2026 तक देश से नक्सलवाद का सफाया हो जाएगा।