अरविंद केजरीवाल का बीजेपी पर बड़ा आरोप, ‘BJP ने शुरू किया है ऑपरेशन झाड़ू, AAP को कुचलने का बनाया जा रहा प्लान’

अरविंद केजरीवाल का बीजेपी पर बड़ा आरोप, ‘BJP ने शुरू किया है ऑपरेशन झाड़ू, AAP को कुचलने का बनाया जा रहा प्लान’

स्वाति मालीवाल से मारपीट के बाद दिल्ली की सियासत गर्मा गई है। दिल्ली पुलिस ने विभव कुमार को गिरफ्तार किया तो केजरीवाल मीडिया के सामने आए और कहा कि हम बीजेपी के हेडक्वार्टर जाएंगे और जिसे गिरफ्तार करना हो उसे आप गिरफ्तार कर लो। अब अरविंद केजरीवाल बीजेपी हेडक्वार्टर जा रहे हैं। लेकिन इससे पहले केजरीवाल ने बीजेपी पर बड़े आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने ऑपरेशन झाड़ू शुरू किया है। जिसके तहत आप को कुचलने का प्लान बनाया जा रहा है। आने वाले वक्त में आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं को गिरफ्तार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हमारे कामों की चर्चा हर तरफ हो रही है। वो इनसे नहीं देखा जा रहा है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक पार्टी नहीं बल्कि विचारधारा है। हमने लोगों के सपने सच किए। हमने सरकारी स्कूल सही बनाए और ये स्कूलों को बंद करके AAP नेताओं को गिरफ्तार करना चाहते हैं।

दूसरी ओर अरविंद केजरीवाल के बीजेपी हेडक्वार्टर कूच को लेकर दिल्ली पुलिस ने भी अपनी तैयारी कर ली है। ITO मेट्रो स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट बंद किया गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने सर्विस अपडेट देते हुए बताया कि अगली सूचना तक ITO मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास बंद रहेगा। खबर ये भी है कि आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन के लिए कोई परमिशन नहीं ली है। ऐसे में डीडीयू मार्ग, बीजेपी ऑफिस के आस-पास धारा 144 लगी रहती है। इसके साथ ही चुनाव आचार संहिता भी लगी हुई है।

बात बीजेपी ऑफिस की करें तो यहां आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए बीजेपी मुख्यालय के बाहर तीन अलग-अलग पैरामिलिट्री फोर्सेस की कंपनियां तैनात की गई हैं। साथ ही दिल्ली पुलिस के जवानों की भी तैनाती की गई है ।