हरियाणा के एग्जिट पोल को बीजेपी ने नकारा, नायब सैनी ने कहा हमारी सरकार बन रही है, हुड्डा बोले-इससे भी ज्यादा सीटें आएंगी

हरियाणा के एग्जिट पोल को बीजेपी ने नकारा, नायब सैनी ने कहा हमारी सरकार बन रही है, हुड्डा बोले-इससे भी ज्यादा सीटें आएंगी

हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। प्रदेश के 2 करोड़ 3 लाख 54 हजार 350 मतदाताओं में से 66.40 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए अपनी सरकार के लिए वोट दिया।

शाम को छह बजे के बाद एग्जिट पोल आने का सिलसिला भी शुरू हुआ। जिसमें ज्यादातर एग्जिट पोल ने हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनती दिखाई। एग्जिट पोल हरियाणा में 10 साल बाद कांग्रेस की वापसी होते हुए दिखा रहे हैं। हालांकि इस बारे में जब बीजेपी नेताओं से बात की गई तो उन्होंने एग्जिट पोल में कांग्रेस की जीत के दावे को नकार दिया।

इस बारे में जब कार्यवाहक सीएम नायब सैनी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें एग्जिट पोल से भी ज्यादा सीटें मिलेंगी और हरियाणा में सरकार बीजेपी बनाएगी। वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली ने कहा कि 8 अक्टूबर को बीजेपी प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

 हालांकि बात कांग्रेस की करें तो कांग्रेस एग्जिट पोल से खुश दिख रही है। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश में बीजेपी के खिलाफ ऐसी लहर थी कि उन्हें एग्जिट पोल में दिखाई जा रही सीटों से भी ज्यादा सीटें मिलेंगी।

ये दावा भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने खुद किया है। आपको बता दें कि शनिवार के दिन हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग हुई है। पूर्ण बहुमत के लिए 46 सीटें जरूरी है। आपको बता दें कि 5 अक्टूबर की शाम को आए 12 एग्जिट पोल में हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनती दिख रही है। और इसमें कांग्रेस 44 से 54 सीटें जीतती दिखाई दे रही थी। वहीं 10 साल से हरियाणा में सत्ता का सुख भोग रही बीजेपी 18 से 28 सीटों पर सीमित होती दिखाई दे रही है। इसके साथ ही अन्य के खाते में सात सीटें जाती हुई दिखाई दे रही हैं।