सीएम मान ने ट्वीट कर साधा निशाना, सिद्धू, मजीठिया भी हुये शायराना

सीएम मान ने ट्वीट कर साधा निशाना, सिद्धू, मजीठिया भी हुये शायराना

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज चीमा मंडी में लोगों की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली सरकारों को चलाने वाले नेताओं ने केवल अपने निजी हितों और अपने करीबी रिश्तेदारों की सेवा की और आम लोगों के कल्याण के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियों की आपसी समझ जगी है और हाल ही में लोगों ने उन्हें एक-दूसरे को गले लगाते देखा है। लेकिन अब पंजाब के लोग जागरूक हो गए हैं और इन लोगों की राजनीतिक चाल में नहीं आएंगे। वे यहां मार्केट कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष चीमा दर्शन सिंह उर्फ ​​गीति को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। भगवंत मान ने जर्नलिस्ट बरजिंदर हमदर्द के हक में इकट्ठे हुए विरोधी पार्टियों के नेताओं पर करारा तंज कहते हुए बिना नाम लिए कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा पर निशाना साधा। इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर भी विपक्ष को घेरा। उनके ट्वीट के तुरंत बाद पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और अकाली दल के नेता बिक्रम जीत सिंह मजीठिया ने शायराना अंदाज में जवाब दिया। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सीनियर जर्नलिस्ट बरजिंदर सिंह हमदर्द को कुछ दिन पहले ही समन भेजे थे। जालंधर से 18 किमी दूर जंग-ए-आजादी स्मारक को बनाते समय फंड्स के प्रयोग की चल रही जांच के लिए डॉ. हमदर्द को बुलाया गया। बरजिंदर सिंह हमदर्द को समन मिलने के बाद सभी विपक्षी पार्टियों ने जालंधर में सरकार को घेरा था। इसी में नवजोत सिंह सिद्धू व अकाली नेता बिक्रम मजीठिया एक दूसरे के गले भी लगे।