हरियाणा कांग्रेस का पूरा मेनिफेस्टो जारी, 25 लाख तक का फ्री इलाज, महिलाओं को 2 हजार महीना, 6 हजार पेंशन और दो लाख नौकरी का बड़ा वादा

हरियाणा कांग्रेस का पूरा मेनिफेस्टो जारी, 25 लाख तक का फ्री इलाज, महिलाओं को 2 हजार महीना, 6 हजार पेंशन और दो लाख नौकरी का बड़ा वादा

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए हरियाणा कांग्रेस ने अपना 40 पन्नों का मेनिफेस्टो आज चंडीगढ़ में जारी कर दिया। इस मेनिफेस्टो में कांग्रेस काफी वायदे जनता से किए हैं। जिन्हें सात वादों की शक्ल में जनता के सामने पेश किया गया है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र की टैग लाइन दी है सात वादे पक्के इरादे। या फिर यूं कहें कि सात गारंटियां हरियाणा की जनता को कांग्रेस ने दी हैं। और गारंटी का मतलब है कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो कम से कम ये सात काम तो सरकार करेगी ही। बात करते हैं कि आखिर वो सात गारंटियां कौन-कौन सी हैं।

मेनिफेस्टो के बारे में बताते हुए मेनिफेस्टो कमेटी की चेयरपर्सन गीता भुक्कल ने कहा कि हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा के दौरान किसान न्याय चौपाल, महिला न्याय चौपाल, दलित न्याय चौपाल से सुझाव लिए गए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोग ही महान होते हैं, उनसे बातचीत के बाद ही हमने ये घोषणा पत्र तैयार किया है।

सबसे पहले बात करें तो कांग्रेस ने राजस्थान में रही गहलोत सरकार की तर्ज पर हरियाणा की जनता को 25 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज देने की घोषणा की है।

ये योजना चिरंजीवी योजना के नाम से राजस्थान में अशोक गहलोत ने चलाई थी। अब ठीक वैसे ही हरियाणा कांग्रेस 25 लाख तक निशुल्क इलाज के लिए कैश लेस बीमा योजना लागू करेगी अगर प्रदेश में उनकी सरकार बनती है तो। साथ ही मेनिफेस्टो में कहा गया है कि मेडिकल शिक्षा की फीस घटाएंगे और बॉंड पॉलिसी पर पुनर्विचार के लिए कमेटी गठित होगी। 45 साल से अधिक उम्र के लोगों का हर साल फ्री चेकअप होगा।

मेनिफेस्टो में कांग्रेस की बड़ी घोषणाएं इस प्रकार हैं-

शिक्षा के क्षेत्र में- शिक्षकों के खाली पद भरेंगे। राज्य शिक्षक चयन आयोग बनाया जाएगा। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और संत रविदास जी के नाम पर विश्वविद्यालय बनाए जाएंगे। मेवात में यूनिवर्सिटी बनाएंगे। हर विधानसभा में एक महिला कॉलेज, हर ब्लॉक में महिला ITI बनाएंगे। राज्य शिक्षक सम्मान वाले शिक्षकों की सेवा में 2 साल की बढ़ोतरी होगी ।

स्वास्थ्य क्षेत्र में- हर जिले में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, सरकारी नर्सिंग कॉलेज, पैरा मेडिकल, मेडिकल टैक्नीशियन संस्थान खोलेंगे। राजस्थान कांग्रेस सरकार की तरह चिरंजीवी योजना की तर्ज पर 25 निशुल्क इलाज के लिए कैश लेस बीमा योजना लागू करेंगे। मेडिकल शिक्षा फीस घटाएंगे, बॉंड पॉलिसी पर पुनर्विचार के लिए कमेटी गठित होगी। साथ ही 45 साल से अधिक उम्र के लोगों का हर साल फ्री चेकअप होगा।

इंदिरा लाडली बहन सम्मान योजना के तहत कांग्रेस 18 साल से 60 साल तक की महिलाओं को दो हजार रुपये महीना देने का काम करेंगे ।

 मेनिफेस्टो कमेटी की चेयरपर्सन गीता भुक्कल ने कहा कि किसान आयोग का गठन किया जाएगा। साथ ही एमएसपी की गारंटी भी हम लाने जा रहे हैं। महिला किसानों के लिए हम विशेष सुविधा देंगे। किसानों को हम डीजल पर सब्सिडी कार्ड बनाने का काम करेंगे। सिंचाई के लिए एसवाईएल को प्रमुखता से रखा है। इसको हम लेकर रहेंगे। सुप्रीम कोर्ट की ओर से हमारे पक्ष में फैसला आ चुका है, उसे हम लागू करवाएंगे।

कुरुक्षेत्र जिले में गुरु गोविंद सिंह जी के नाम से एक यूनिवर्सिटी बनाएंगे। हमारे सिख समुदाय के लोगों के लिए गुरुद्वारा सिख प्रबंधक कमेटी के चुनाव करवाने का काम करेंगे।

मेनिफेस्टो में पंजाबी वर्ग के साथ-साथ पंजाबी भाषा को भी पूरा मान-सम्मान देने की बात हुई है। दिव्यांगों के लिए अलग बोर्ड बनाएंगे। हरियाणा कांग्रेस अल्पसंख्यकों को पूरा मान-सम्मान देने का काम करेंगे। सरकारी नौकरी में दिव्यांगों को नौकरी देने का काम करेंगे। सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाली करने का काम करेंगे। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज के लिए चुने हुए प्रतिनिधियों के पूरे अधिकार बहाल करेंगे। बीजेपी ने इन जनप्रतिनिधियों के अधिकार काटने का काम किया है।

शहरों में पूरा विकास करेंगे, मेट्रो, रेलवे लाइन, इको फ्रेंडली माहौल बनाने का काम हरियाणा कांग्रेस करेगी। पूर्वांचल के लोगों के लिए छठ काम बनाने का काम करेंगे।

गीता भुक्कल ने कहा कि हरियाणा में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, इसको दुरुस्त करवाएंगे। यहां की महिलाओं को एक सुरक्षित माहौल देंगे।

व्यापारियों के लिए व्यापारी आयोग का गठन करने का काम करेंगे। हम अर्धसैनिकों के लिए बोर्ड बनाएंगे। इसको जिला स्तर पर भी बनाया जाएगा।

कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में कहा है कि खेलों के लिए पूरा मान-सम्मान देने का काम करेंगे। नौकरी पर गारंटी देगी।

ब्राह्मण समाज के लिए ब्राह्मण आयोग के लिए एक बोर्ड गठन करने का काम करेंगे।

पंजाबी समुदाय के लोगों के लिए हरियाणा पंजाबी वेलफेयर बोर्ड का गठन किया जाएगा। हम हरियाणा की सभ्यता और संस्कृति बचाने का काम करेंगे।

गीता भुक्कल ने कहा कि बीजेपी की सरकार पोर्टल की सरकार रही। जो भी अनावश्यक पोर्टल हैं, उन्हें खत्म किया जाएगा। मेरी फसल मेरा ब्योरा जैसे पोर्टल उनको खत्म किया जाएगा।

हरियाणा में परिवहन व्यवस्था दुरुस्त करेंगे। हम इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों को अपने बेड़े में शामिल करने का काम करेंगे। ड्राइवरों और कंडक्टरों को आवासीय सुविधा देंगे।

पत्रकारों को 25 लाख रुपये की सुविधा देंगे। पेंशन में भी बढ़ोतरी करेंगे। सीनियर सिटिजन के सम्मान के लिए पूरा काम करेंगे। मेवात कैडर में कार्यरत शिक्षकों को पूरा मान-सम्मान देने का काम करेंगे।

सीईटी के जो रिजल्ट इन्होंमे घोषित नहीं किए, उनको वेरिफिकेशन कराकर नियुक्ति पत्र देंगे। 750 शहीद किसानों के लिए एक स्मारक बनाएंगे। उन्हें शहीद का दर्ज देंगे।

एकमुश्त दस हजार सफाई कर्मचारी लगाए गए थे, उन्हें पक्का किया जाएगा। सीवरेज कर्मचारियों को काम के दौरान मृत्यु होने पर 30 लाख रुपये देगी।

आवारा घूमते हुए पशुओं के लिए चारे का प्रबंधन किया जाएगा। इसके लिए चारा बोर्ड का गठन किया जाएगा।

आपको बता दें कि 7 दिन पहले दिल्ली में कांग्रेस प्रदेश के लोगों के लिए 7 गारंटियां दे चुकी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अगुवाई में 7 वादे-पक्के इरादे के नाम से इसे जारी किया गया था।