मुख्यमंत्री बनने की हर आदमी की आकांक्षा-सुरजेवाला, जो निर्णय राहुल गांधी करेंगे वो स्वीकार्य होगा, मनोहर लाल पर कहा-बचकानी बातें कर रहे हैं
हरियाणा में चुनावी माहौल गरमाया हुआ है। इसी बीच नेताओं की बयानबाजी इस चुनावी गर्मी को और ज्यादा बढ़ावा दे रही है। कांग्रेस और बीजेपी में जो एक-दूसरे के प्रति बयानबाजी वो तो सियासत जमा ही रही है लेकिन इसके अलावा दोनों पार्टियों में मुख्यमंत्री पद की रेस को लेकर जो नेता रस्साकसी कर रहे हैं उसका रस भी अद्भुत है। कांग्रेस में लगातार ये चर्चा रही है कि भूपेंद्र हुड्डा के अलावा कुमारी सैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला सीएम पद के दावेदारों में हैं। जब किरण चौधरी कांग्रेस में हुआ करती थीं तो वो भी सीएम पद के दावेदारों में से एक होती थीं। अभी चुनावी माहौल में हुड्डा साहब के अलावा कुमारी सैलजा ने बातों ही बातों में खुद को सीएम कैंडीडेट बताया है। और अब रणदीप सुरजेवाला ने भी खुद को सीएम कैंडीडेट बताया है।

दरअसल कैथल में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कौन मुख्यमंत्री बनेगा हर आदमी की आकांक्षा है, कुमारी सैलजा भी बनना चाहेंगी, मेरी बड़ी बहन हैं, चौधरी भूपेंद्र हुड्डा भी बनना चाहेंगे और हम तीनों के अलावा कोई और साथी का भी हक हो सकता है, क्योंकि प्रजातंत्र है, आखिर में ये निर्णय राहुल गांधी और खड़गे साहब करते हैं, जो वो निर्णय करेंगे वो हम सबको मान्य है।

इसके साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा समय में केंद्र में मंत्री मनोहर लाल की ओर से कुमारी सैलजा को लुभाने के लिए बीजेपी में आने को लेकर दिए बयान पर कहा कि पूर्व मैं उनकी उम्र की वजह से दर्जे की वजह से उनका सम्मान करता हूं, वे मेरे आदरणीय हैं, उनकी इस बात में कोई वजन नहीं है, उनकी ये बातें बचकानी हैं। सैलजा जी कांग्रेसी थीं, हैं और रहेंगी, लेकिन असल में मनोहर लाल जी को पीएम मोदी कुरुक्षेत्र की रैली तक में नहीं ले गए कि कहीं उनको देखकर वोट ना टूट जाएं, तो वो अपनी चिंता करें कहीं उनको मंत्री पद से ना हटा दें जैसे मुख्यमंत्री पद से हटाया था। ऐसे में वो अपनी चिंता करें हमारे वाला तो परिवार ठीक है।