कैसा है करनाल विधानसभा सीट पर उपचुनाव का हाल, अब तक कितने प्रतिशत हुआ मतदान ?

कैसा है करनाल विधानसभा सीट पर उपचुनाव का हाल, अब तक कितने प्रतिशत हुआ मतदान ?

हरियाणा में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ करनाल की विधानसभा सीट पर उपचुनाव भी हो रहा है जहां से मुख्यमंत्री नायब सैनी चुनाव लड़ रहे हैं। करनाल विधानसभा सीट दोपहर 3 बजे तक 41 फीसदी लोग मतदान कर चुके हैं। हालांकि करनाल लोकसभा के मतदान प्रतिशत की बात करें तो ये आंकड़ा यहां 46 फीसदी तक पहुंच गया है।

करनाल विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री नायब सैनी के सामने कांग्रेस के तरलोचन सिंह चुनाव लड़ रहे हैं और कांटे लड़ाई भी इन्हीं दो के बीच में बताई जा रही है। हालांकि वैसे इस उपचुनाव में कुल 9 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

जिसमें जेजेपी के राजेंद्र, राष्ट्रीय गरीब दल के तिलक राज सिंगला, राष्ट्रीय मजदूर एकता पार्टी से रोहताश, पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया(डेमोक्रेटिक) से सुरेश कुमार चुनाव लड़ रहे हैं।

इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों के तौर पर राजेंद्र आर्य दादुपुर, शमशेर सिंह नैन और सुरेश कुमार का नाम शामिल है। हालांकि यहां इनेलो ने अपना कोई प्रत्याशी चुनावी मैदान में नहीं उतारा है। इस विधानसभा सीट के चुनावी समीकरणों की बात करें तो यहां पंजाबी वोट सबसे ज्यादा है। और जिस सैनी समाज से मुख्यमंत्री नायब सैनी आते हैं उस सैनी वर्ग के सिर्फ 5800 वोट ही इस विधानसभा में हैं। ऐसे में नायब सैनी को मनोहर लाल पर भरोसा है। क्योंकि पूर्व में वही यहां से विधायक थे और उन्हीं के इस्तीफे के बाद ये सीट खाली हुई थी। मनोहर लाल खुद पंजाबी फैमिली से हैं। अब देखना ये है कि क्या मनोहर लाल पंजाबी वर्ग को नायब सैनी को वोट देने के लिए उत्साहित कर पाते हैं या नहीं। इसके साथ ही नायब सैनी का जिला भी कुरुक्षेत्र है। दूसरी ओर कांग्रेस के उम्मीदवार करनाल के ही रहने वाले हैं और पंजाबी भी हैं।

बहरहाल बीजेपी के पास एक बड़ा लाभ ये है कि नायब सैनी सिटिंग सीएम हैं ऐसे में सिटिंग सीएम को जनता क्यों ही हराना चाहेगी? बाकी लोकतंत्र में जनता जनार्दन होती है। जो वो चाहे वही होता है।