हिमाचल में 28 जून को होगी मानसून की शुरुआत, प्रदेश के कई हिस्सों में छह दिन तक मौसम खराब रहने की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक हिमाचल में 28 जून को मानसून पहुंच सकता है। 26 जून से प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश शुरू हो सकती है। आज भी कई क्षेत्रों में मौसम खराब बने रहने के आसार हैं। हालांकि 24 और 25 जून को प्रदेश में धूप खिली रहने की संभावना है। शनिवार की बात करें तो इस दिन राजधानी शिमला समेत प्रदेश के हिस्सों में बादल छाए रहे। हालांकि बारिश ना होने की वजह से उमस बढ़ गई। लेकिन प्रदेश के किसी भी हिस्से में तापमान 40 डिग्री तक नहीं पहुंच पाया।
शिमला की बात करें तो बीते सारा दिन शिमला में बादल छाए रहे। लोगों को उम्मीद रही कि बारिश होगी, लेकिन बादल बिना बरसे ही चले गए। वहीं मैदानी इलाकों में हल्के बादलों के साथ धूप भी खिली। फिलहाल मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल का कहना है कि प्रदेश में 26 जून से बारिश शुरू होगी, 27 और 28 जून को भी बारिश के आसार हैं। इसी तरह 28 जून की बारिश के साथ ही प्रदेश में मानसून प्रवेश करेगा। मौसम विभाग के अनुसार इस साल मानसून अपने सामान्य समय के अनुसार ही प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। आज प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हैं तो वहीं कल और परसों यानी 24 और 25 जून को मौसम साफ बना रहेगा।
बात करें कि हिमाचल के किस जिले में कितना तापमान रहा तो राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 16.6 डिग्री दर्ज किया गया, प्रदेश की दूसरी राजधानी धर्मशाला में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं गर्म रहने वाले इलाकों में ऊना में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री दर्ज किया गया। हमीरपुर में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री, न्यूनतम 21.3 डिग्री, बिलासपुर में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री, न्यूनतम 22.1 डिग्री सोलन में अधिकतम 30 डिग्री न्यूनतम 18.4 डिग्री, कसौली में अधिकतम 25.4 डिग्री न्यूनतम 19.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।