हरियाणा में मानसून से पहले होगी प्रचंड गर्मी, लू चलने के आसार, 27 से 30 जून के बीच मानसून की बारिश, 26 से बदल जाएगा मौसम का मिजाज

हरियाणा में मानसून से पहले होगी प्रचंड गर्मी, लू चलने के आसार, 27 से 30 जून के बीच मानसून की बारिश, 26 से बदल जाएगा मौसम का मिजाज

हरियाणा में गर्मी से राहत आने वाले दो दिन तक तो नहीं मिलने वाली है। 24 और 25 जून को प्रदेश के कुछ इलाकों में फिर से लू चलने के आसार हैं। लेकिन 26 जून से मौसम में बदलाव होगा। 26 को प्री मॉनसून बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार 27 से 30 जून के बीच प्रदेश में मानसून आ सकता है। पिछले दो दिन हरियाणावासियों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली थी। जिसमें कुछ शहरों में लू का प्रकोप कम हुआ था और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया था। शनिवार के दिन कुछ शहरों में बारिश भी हुई। गुरुग्राम और नूंह मेवात में 12.5 एमएम बारिश दर्ज की गई।

शनिवार को अधिकतम तापमान में औसत वृद्धि 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे गर्म शहर भिवानी रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी गिरावट रिकॉर्ड की गई है।

सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। रात में सबसे कम तापमान हिसार में 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार 23 से 25 जून तक प्रदेश में तापमान बढ़ेगा। जबकि 26 और 27 जून को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। 28 जून से बारिश बढ़ सकती है और इसी दौरान प्रदेश में मानसून आ सकता है।