प्रियंका गांधी के लिए प्रचार करने विनेश पहुंचीं वायनाड, दीपेंद्र हुड्डा भी पहुंचे, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने की कार्यकर्ताओं से अनोखी अपील
प्रियंका गांधी वाड्रा केरल के वायनाड से चुनाव लड़ रही हैं, उनके लिए प्रचार करने अब हरियाणा के जुलाना से कांग्रेस विधायक और पूर्व रेसलर विनेश फोगाट भी वायनाड पहुंचीं हैं। वहीं लोकसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी वायनाड पहुंचे हैं। वे प्रियंका गांधी के लिए वायनाड में वोट की अपील कर रहे हैं। आपको बता दें कि प्रियंका गांधी पहली बार चुनावी राजनीति में उतर रही हैं। हालांकि इसी बीच हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभान ने कार्यकर्ताओं से एक अनोखी अपील की है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा है कि वायनाड में हो रहे उपचुनाव के लिए हरियाणा कार्यकर्ता अपने स्तर पर चुनाव प्रचार करने के लिए ना जाएं। चुनाव प्रचार में जिन कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई जाएगी उनको अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से सूचित किया जाएगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की ओर से की गई इस अपील पर उनका कहना है कि उन्हें कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ये अपील इसलिए करनी पड़ी क्योंकि कार्यकर्ताओं की संख्या और काम को लेकर रणनीति बनाई गई है, उसी के आधार पर काम का जिम्मा सौंपा जाएगा। इसीलिए हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को कार्यकर्ताओं से वायनाड ना जाने की अपील करनी पड़ी है।

क्योंकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से भी वायनाड में प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए चुनाव प्रचार करने के लिए होड़ सी मची है। आपको बता दें कि प्रियंका गांधी के सामने भाकपा के सत्यन मोकेरी और बीजेपी की ओर से नव्या हरिदास चुनाव मैदान में हैं। वायनाड सीट पर 13 नवंबर को मतदान होना है जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी।
आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने वायनाड और रायबरेली दो जगह से चुनाव लड़ा था, राहुल गांधी दोनों जगह से अपना चुनाव जीत गए थे लेकिन उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ी थी तब उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी थी अब उसी सीट पर प्रियंका गांधी चुनाव लड़के अपनी चुनावी पारी की शुरुआत कर रही हैं।