नैना चौटाला के काफिले पर हमला, एस्कॉर्ट की गाड़ी पर हुआ पथराव, अब होगी ये कार्रवाई

नैना चौटाला के काफिले पर हमला, एस्कॉर्ट की गाड़ी पर हुआ पथराव, अब होगी ये कार्रवाई

हरियाणा में लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए जेजेपी पार्टी लगातार लोगों के बीच जा रही है। लेकिन उसे लोगों के विरोध का सामना भी करना पड़ रहा है। कुछ इसी तरह से हिसार लोकसभा सीट से जेजेपी की उम्मीदवार नैना चौटाला जींद के उचाना में प्रचार करने पहुंची थीं। यहां उनके काफिले पर हमला हुआ।नैना चौटाला के विरोध में लोगों ने उनके काफिले की गाड़ी पर ईंट मार दी। इस वजह से उनकी एस्कॉर्ट की गाड़ी का सामने वाला शीशा टूट गया। जेजेपी कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीणों की हाथापाई भी हुई। नैना चौटाला के समर्थकों ने ग्रामीणों पर पथराव और महिला वर्करों के साथ दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया था।

दूसरी ओर नैना चौटाला के काफिले पर हमले की सूचन मिलते ही पूर्व डिप्टी सीएम और नैना चौटाला के बेटे दुष्यंत चौटाला भी मौके पर पहुंचे। और घटना की सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि इस विवाद में कई लोग घायल भी हुए हैं। जेजेपी के हलका प्रधान भी इस विवाद में घायल हुए हैं।

आपको बता दें कि इससे पहले शुक्रवार सुबह ही नारनौंद माजरा गांव में नैना चौटाला जब चुनाव प्रचार के लिए पहुंची थीं। इस दौरान भी युवाओं और किसानों ने उनका विरोध किया था। यहां किसानों और युवाओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी की थी और साथ ही उन्हें काले झंडे दिखाकर विरोध अपना विरोध जाहिर किया।

पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने पत्रकार वार्ता में बताया कि उनकी डीजीपी से बात हुई है जिसमें उचाना थाना प्रभारी को सस्पेंड करने और हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है। दुष्यंत चौटाला ने एसपी सुमित कुमार से भी बात की और कार्रवाई की मांग की है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इस तरह का घटनाक्रम तीन-चार साल में पहली बार देखने को मिला है। इस घटना से पूरा हरियाणा अपमानित हुआ है।