कांग्रेस ज्वाइन करेंगे निशान सिंह, जेजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को होंगे पार्टी में शामिल

कांग्रेस ज्वाइन करेंगे निशान सिंह, जेजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को होंगे पार्टी में शामिल

20 दिन पहले जननायक जनता पार्टी छोड़ने वाले पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह अब कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं। पहले से ही ये कयास लगाए जा रहे थे कि निशान सिंह कांग्रेस में शामिल होंगे । अब ये कयास हकीकत बनने जा रहे हैं। और सोमवार के दिन निशान सिंह चंडीगढ़ में कांग्रेस पार्टी ज्वाइन करेंगे। बताया जा रहा है कि उनके साथ फतेहाबाद, हिसार, सिरसा के अलावा अन्य जिलों से भी जेजेपी के कई पदाधिकारी कांग्रेस में शामिल होंगे। 

आपको बता दें कि पूर्व विधायक सरदार निशान सिंह करीब साढ़े पांच साल तक जेजेपी के प्रदेशाध्यक्ष रहे हैं। साल 2018 में जेजेपी के गठन के बाद टोहाना के पूर्व विधायक सरदार निशान सिंह को प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

हालांकि कांग्रेस में जाने के बाद अब टोहाना में कांग्रेस को लीड कर रहे पूर्व कृषि मंत्री परमवीर सिंह की चिंता बढ़ सकती है। क्योंकि निशान सिंह के पार्टी में आने के बाद अब वो भी टोहाना सीट से विधानसभा टिकट के दावेदार होंगे। ऐसे में परमवीर सिंह को पार्टी से टिकट हासिल करने के लिए जदोजहद करनी पड़ सकती है। क्योंकि टोहाना में कांग्रेस के पास भी परमवीर सिंह के अलावा कोई बड़ा नेता नहीं है। अब ऐसे मौके पर निशान सिंह के आने से निशान सिंह की दावेदारी भी मजबूत होगी।

सरदार निशान सिंह के सियासी सफर की बात करें तो वे साल 2000 में टोहाना से इनेलो की टिकट पर जीते थे और विधायक बने थे। हां ये अलग बात है कि उसके बाद इनेलो की ही टिकट पर उन्होंने लगातार तीन चुनाव लड़े लेकिन जीत एक भी नहीं पाए। लेकिन ये जरूर है कि वो हार में दूसरे नंबर पर ही रहे। 2005 और 2009 में उन्हें परमवीर सिंह ने हराया तो वहीं 2014 में बीजेपी नेता सुभाष बराला ने उन्हें पटकनी दी।

साल 2019 में जेजेपी की ओर से सरदार निशान सिंह टोहाना से टिकट के मजबूत दावेदार थे। लेकिन जब देवेंद्र बबली को कांग्रेस की ओर से टिकट न मिला और वो ऐन मौके पर जेजेपी में शामिल हो गए, तब बबली वहां से मजबूत कैंडिडेट थे तो जेजेपी ने उन्हें विधानसभा का टिकट दिया, बबली जीत भी गए। और गठबंधन सरकार में पंचायत मंत्री भी बने। लेकिन अबकी बार जो सियासी समीकरण बन रहे हैं उनसे लगता है कि निशान सिंह कांग्रेस का टिकट हासिल करने में कामयाब हो जाएंगे।