पीएम मोदी ने अपने पद से दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति ने स्वीकारा, 8 जून को हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह

पीएम मोदी ने अपने पद से दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति ने स्वीकारा, 8 जून को हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति भवन में उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा। राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया। राष्ट्रपति ने उन्हें अगली सरकार के गठन तक कार्यकारी प्रधानमंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभालने की अपील की।  

इससे पहले मोदी कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में मौजूदा लोकसभा को भंग करने की सिफारिश की गई। आपको बता दें कि मौजूदा सरकार का कार्यकाल 16 जून को खत्म हो रहा था। इसके बाद पीएम मोदी राष्ट्रपति भवन पहुंचे और 17वीं लोकसभा भंग करने की सिफारिश करते हुए अपना और अपने मंत्रियों का इस्तीफा सौंपा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पीएम मोदी का इस्तीफा स्वीकार कर लिया ।

अब ये बताया जा रहा है कि 8 जून को प्रधानमंत्री अपने पद की शपथ ले सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि 8 जून को पीएम मोदी अपने पद की शपथ ग्रहण करेंगे । इससे पहले 7 जून को संसदीय दल की बैठक होगी।

आपको बता दें कि बीजेपी ने 240 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं कांग्रेस ने 99 सीटों पर जीत दर्ज की है। स्पष्ट बहुमत से दोनों ही पार्टियां दूर हैं। लेकिन बीजेपी नीत एनडीए गठबंधन को 292 सीटें मिली हैं। वहीं कांग्रेस गठबंधन या फिर INDIA गठबंधन की बात करें तो इसे 234 सीटें मिली हैं। ऐसे में साफ है कि सरकार NDA की ही बनेगी।