बिहार विधानसभा के साथ हो सकते हैं पंजाब उपचुनाव, जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां पर्यवेक्षक तैनात करेगा चुनाव आयोग

बिहार विधानसभा के साथ हो सकते हैं पंजाब उपचुनाव, जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां पर्यवेक्षक तैनात करेगा चुनाव आयोग

बिहार विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। पांच अक्टूबर के बाद कभी भी इसकी घोषणा हो सकती है। आयोग ने बिहार, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड समेत सात राज्यों की आठ खाली विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के भी संकेत दिए हैं।

आयोग ने बिहार समेत सात राज्यों की खाली विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए रविवार को 470 पर्यवेक्षकों की एक बड़ी टीम तैनात करने का फैसला किया है।

इसमें सामान्य, पुलिस और आय-व्यय पर्यवेक्षक शामिल हैं। चुनाव आयोग ने संकेत दिया है कि सात राज्यों की आठ खाली सीटों पर चुनाव होंगे, जिनमें जम्मू-कश्मीर की बडगाम और नगरोटा सीटें, पंजाब की तरनतारन, झारखंड की घाटशिला, राजस्थान की अंता, तेलंगाना की जुबली हिल्स, मिजोरम की डम्पा और ओडिशा की नुआपाड़ा विधानसभा सीट शामिल हैं।

आयोग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, आठ खाली सीटों पर उपचुनाव की घोषणा बिहार विधानसभा के आम चुनाव के साथ ही की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, यह छह या सात अक्टूबर को हो सकता है।

चुनाव आयोग के अनुसार, बिहार विधानसभा आम चुनाव के साथ-साथ सात राज्यों में होने वाले उपचुनावों के लिए जिन 470 पर्यवेक्षकों की तैनाती तय की गई है, उनमें 320 आईएएस, 60 आईपीएस और 90 आईआरएस अधिकारी शामिल हैं।

ये पर्यवेक्षक सामान्य पर्यवेक्षक, पुलिस पर्यवेक्षक और आय-व्यय पर्यवेक्षक के रूप में काम करेंगे। ये पर्यवेक्षक निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने में चुनाव आयोग की मदद भी करेंगे।

आयोग ने चुनाव के लिए तैनात पर्यवेक्षकों की 3 अक्टूबर को दिल्ली में एक बैठक बुलाई है। इसमें उन्हें चुनाव के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और चुनौतियों से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।