राहुल गांधी की आज हरियाणा में पहली रैली, एक दिन में करेंगे दो रैलियां...सीएम नायब सैनी ने साधा निशाना, बीजेपी की सियासी वार पर करेंगे पलटवार ?

राहुल गांधी की आज हरियाणा में पहली रैली, एक दिन में करेंगे दो रैलियां...सीएम नायब सैनी ने साधा निशाना, बीजेपी की सियासी वार पर करेंगे पलटवार ?

हरियाणा में जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे ही चुनाव प्रचार भी तेज हो रहा है। बीते कल पीएम मोदी की गोहाना में रैली थी आज लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक दिन में दो रैलियां करने आ रहे हैं। राहुल गांधी की पहली रैली करनाल के असंध में होने जा रही है।इसके बाद राहुल गांधी हिसार के बरवाला में रैली करेंगे। यह राहुल गांधी की हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिहाज से पहली रैली है। हालांकि इससे एक हफ्ते पहले राहुल गांधी सुबह-सुबह एक दिन करनाल पहुंचे थे। जहां उन्होंने विदेश में घायल हुए युवक के परिवार से बातचीत की थी। राहुल गांधी अपने अमेरिका दौरे के दौरान करनाल के युवक से मिले थे और वहां उससे वायदा किया था कि जब वो वापस जाएंगे तो उनके परिवार से भी मिलेंगे। अपना वही वादा निभाते हुए करनाल में उन्होंने युवक के परिवार से मुलाकात की थी।

बहरहाल राहुल गांधी की एक दिन में दो रैलियां होने से विधानसभा चुनाव में कितना असर पड़ेगा ये तो आने वाला वक्त बताएगा लेकिन राहुल गांधी की रैली को लेकर सीएम नायब सैनी ने जरूर राहुल गांधी पर सियासी वार किया है। उन्होंने राहुल गांधी की असंध रैली को लेकर कहा कि अपना घर भरने की बात कहने वाले का प्रचार करना कट्टर भ्रष्टाचार है। आपको बता दें असंध से कांग्रेस ने मौजूदा विधायक शमशेर सिंह गोगी को टिकट दिया है। जिनका बीते दिनों एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो कह रहे थे कि जीतने के बाद जिन्होंने उनकी मदद की वो उनका घर भरेंगे, अपने रिश्तेदारों का घर और भरेंगे और अपना भी घर भरेंगे। इसीलिए अब सीएम नायब सैनी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। अब राहुल गांधी इस सियासी वार का कोई जवाब देते हैं या नहीं उसके लिए रैली में उनके भाषण का इंतजार करना होगा।