सोनीपत में बीजेपी को बड़ा फायदा, गोहाना विधानसभा सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार बीजेपी में शामिल, बोले-कांग्रेस उम्मीदवार को रिटायर्ड करके करेंगे रवाना
सोनीपत के गोहाना में बुधवार के दिन पीएम मोदी की रैली थी, रैली में पीएम मोदी ने जहां अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे वहीं कांग्रेस पर भी खूब निशाना साधा। उनकी इस रैली का असर भी गोहाना में शाम होते-होते देखने को मिला। और वो ऐसे कि गोहाना से निर्दलीय चुनावी मैदान में उतरे अरुण निनानिया ने अब बीजेपी का दामन थाम लिया है। और अपना समर्थन बीजेपी कैंडीडेट अरविंद शर्मा को दे दिया है। अरुण निनानिया ने कहा कि उन्होंने ये फैसला देशहित में लिया है। उन्होंने साथ ही ये भी कहा कि कांग्रेस जगबीर सिंह मलिक को यहां से रिटायर्ड करके रवाना करेंगे। दूसरी ओर अरविंद शर्मा ने कहा कि अरुण निनानिया अपने आप में शख्शियत हैं। ईमानदारी से काम करने वाले नौजवानों का स्वागत है। मुख्यमंत्री नायब सैनी से बात करवा दी है। जिस दिन मुख्यमंत्री यहां आएंगे उस दिन बड़ा कार्यक्रम भी किया जाएगा।
वहीं मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि सभी का पूरा मान-सम्मान किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में तीसरी बार बीजेपी सरकार बनेगी और हरियाणा में डबल इंजन की सरकार काम करेगी। अरुण निनानिया के बीजेपी में आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
आपको बता दें कि गोहाना हलके से कुल 11 उम्मीदवार चुनावी मैदान में खड़े हैं जिनमें पांच पार्टी और 6 निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।