संसद में गांधी प्रतिमा के बाहर धरने पर बैठे सांसद संजय सिंह समेत कई सांसद, सिंह के निलंबन का विरोध

संसद में गांधी प्रतिमा के बाहर धरने पर बैठे सांसद संजय सिंह समेत कई सांसद, सिंह के निलंबन का विरोध

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को शेष बचे मानसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है। अपने इस निलंबन के बाद संजय सिंह संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। सोमवार रात को धरने पर बैठे संजय सिंह के समर्थन में लगभग एक दर्जन सांसद आगे आए हैं।

अपने निलंबन और संसद में धरना देने पर संजय सिंह ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री मणिपुर हिंसा पर सदन में जवाब देने को तैयार नहीं हैं। भारत के 140 करोड़ लोग शर्मसार हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मणिपुर हिंसा पर सदन में जवाब देने को तैयार नहीं हैं।

संजय सिंह ने बताया कि सोमवार को राज्यसभा में मणिपुर हिंसा पर चर्चा के लिए 27 सांसदों ने नोटिस दिया था। लेकिन किसी पार्टी को बोलने की अनुमति नहीं मिली। संजय सिंह के मुताबिक, उन्हें टारगेट करके सस्पेंड कर दिया गया। सभापति की कार्रवाई पर प्रश्‍न उठाते हुए उन्होंने कहा कि यह कैसा लोकतंत्र है।

संजय सिंह के समर्थन में उनके साथ धरने पर मौजूद कांग्रेस सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि आज संसद के इतिहास में जो घटनाएं घटी हैं वो काली स्याही से लिखी जाएंगी। उन्होंने कहा, संजय सिंह ने कौन सा गुनाह कर दिया? इस मुद्दे पर आज पूरा विपक्ष, पूरा इंडिया एक साथ खड़ा है।