यमुना में जलस्तर बढ़ने से बिगड़े हालात, कई इलाकों में पहली मंजिल तक घरों में पानी

यमुना में जलस्तर बढ़ने से बिगड़े हालात, कई इलाकों में पहली मंजिल तक घरों में पानी

 दिल्ली में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ते जाने से बृहस्पतिवार को हालात और बिगड़ गए। कल रात 10 बजे तक जल स्तर 208.63 मीटर तक पहुंच चुका था। राजधानी में हालात कितने गंभीर हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी फ्रांस यात्रा के दौरान भी हालात पर नजर बनाये हुए हैं।

फ्रांस दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में यमुना का जल स्तर बढ़ने से निचले इलाकों में आई बाढ़ की फोन कॉल से जानकारी ली। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने इस संबंध में ट्वीट कर बताया कि पीएम मोदी ने फ्रांस से फोन कर दिल्ली में जलभराव व बाढ़ की स्थिति और उससे निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी ली है।

उन्होंने बताया कि मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार से हर सम्भव सहायता लेकर दिल्ली के हित में समुचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, देर रात में यमुना का बाढ़ का पानी आईटीओ स्थित पीडब्ल्यूडी के मुख्यालय तक पहुंच गया है। प्रशासन आशंका जता रहा है कि अगर इसी तरह के हालात रहे तो सुप्रीम कोर्ट तक बाढ़ का पानी पहुंच सकता है।