आज हरियाणा में प्रचार का आखिरी दिन, पार्टियों ने झोंकी अपनी पूरी ताकत, प्रदेश में ताबड़तोड़ रैलियां, रोड शो, जनसभाएं कर वोट हासिल करने की कोशिश
हरियाणा में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भी राहुल गांधी प्रदेश में डटे हुए हैं। राहुल गांधी ने नूंह में रैली की। और जनता को संबोधित किया। आपको बता दें कि नूंह मुस्लिम बाहुल्य इलाका है और इसे कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। यहीं से राहुल गांधी ने दक्षिण हरियाणा को साधने की कोशिश की। राहुल गांधी ने अपने भाषण के जरिए जहां कांग्रेस पार्टी की गारंटियां बताई तो वहीं बीजेपी और पीएम मोदी पर भी खूब निशाना साधा।
राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने देश में नफरत फैला रखी है। बीजेपी और आरएसएस देश में संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी।

नूंह रैली में राहुल गांधी ने पीएम मोदी के दोस्तों का जिक्र किया, और अंबानी और अडानी का नाम लिए बिना कहा कि मोदी सरकार ने अपने दोस्तों समेत देश के 20-25 लोगों का अरबों का कर्जा माफ कर दिया, लेकिन किसानों का कितना कर्जा माफ किया। कुछ नहीं किया।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में अपने अमेरिका दौरे के दौरान हरियाणा के युवकों से अपनी मुलाकात के बारे में भी चर्चा की और कहा कि मोदी जी बताएं कि हरियाणा बेरोजगारी में नंबर वन कैसे बना? प्रदेश के युवा अपने घरों से दूर रहने को मजबूर हैं। क्यों

राहुल गांधी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि बीजेपी को वोट मत देना, राज्य की दूसरी छोटी पार्टियों को भी वोट मत देना, क्योंकि वो बीजेपी की ही A, B और C पार्टियां हैं। उनमें और बीजेपी में कोई फर्क नहीं है।