रोहतक में दर्दनाक हादसा, छात्रा को कैंटर ने कुचला, मौके पर मौत

रोहतक में दर्दनाक हादसा, छात्रा को कैंटर ने कुचला, मौके पर मौत

शनिवार के दिन रोहतक से एक दुखद ख़बर सामने आई। यहां एक कैंटर ने 14 वर्षीय छात्रा को कुचल दिया। जिस वजह से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठे हो गए तो वहीं कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। वहीं हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर जांच शुरू की।

आपको बता दें कि मृतक छात्रा की पहचान विजय नगर निवासी 14 वर्षीय रक्षिता के तौर पर हुई है। रक्षिता 9वीं कक्षा में पढ़ती थी। वो घर से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान भिवानी चुंगी के पास जब वो पहुंची तो उसने सड़क पार करने की कोशिश की। इसी दौरान एक अनियंत्रित कैंटर की चपेट में आने से रक्षिता की दुखद मृत्यु हो गई। जब तक मौके पर मौजूद लोग रक्षिता को संभालते तब तक रक्षिता की मौत हो चुकी थी।

बहरहाल पुलिस का कहना है कि जैसे ही उन्हें हादसे की सूचना मिली वो मौके पर पहुंचे। परिजनों के बयान के आधार पर कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी कैंटर चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।