केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन-एबीडीएम संचालन समूह की तीसरी बैठक की अध्यक्षता की

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन-एबीडीएम संचालन समूह की तीसरी बैठक की अध्यक्षता की

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और मिशन संचालन समूह (एमएसजी) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) की प्रगति की समीक्षा करने और भारत के डिजिटल स्वास्थ्य इकोसिस्‍टम को और मजबूत करने की कार्यनीति पर विचार-विमर्श करने के लिए मिशन संचालन समूह की तीसरी बैठक की अध्यक्षता की।

इस बैठक में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा; मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला; आयुष (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव; स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल; वाणिज्य एवं उद्योग एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद; नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. एम. श्रीनिवास; भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय कुमार सूद; ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री श्री मुकेश महालिंग; केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलीला श्रीवास्तव; आयुष मंत्रालय के सचिव श्री वैद्य राजेश कोटेचा और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुनील कुमार बरनवाल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण, नीति आयोग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, आयुष मंत्रालय और मिशन संचालन समूह के अन्य सदस्य संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

नड्डा ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच में सुधार लाने, देखभाल की निरंतरता को बढ़ाने और नागरिकों को उनके स्वास्थ्य रिकॉर्ड तक सुरक्षित और सहमति-आधारित पहुंच प्रदान करके सशक्त बनाने में डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना की परिवर्तनकारी भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज प्राप्त करने के लिए प्रौद्योगिकी एक शक्तिशाली साधन के रूप में कार्य करती रहनी चाहिए, साथ ही प्रत्येक नागरिक के लिए समावेशिता, सुलभता और उपयोग में आसानी सुनिश्चित करनी चाहिए।

मिशन संचालन समूह ने बैठक के दौरान, पिछली बैठक के बाद से एबीडीएम के अंतर्गत हुई प्रगति की समीक्षा की और देश के डिजिटल स्वास्थ्य इकोसिस्‍टम के महत्वपूर्ण विस्तार पर ध्यान दिया। मिशन ने स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वास्थ्य पेशेवरों और नागरिकों के बीच डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को अपनाने में उल्लेखनीय वृद्धि देखी है, जिससे एक एकीकृत, अंतरसंचालनीय और नागरिक-केंद्रित डिजिटल स्वास्थ्य अवसंरचना बनाने की परिकल्पना को और आगे बढ़ाया जा रहा है।

पिछली बैठक के दौरान लिए गए विभिन्न निर्णयों पर हुई प्रगति की व्यापक समीक्षा की गई, जिसमें क्षमता निर्माण पहल, राज्य स्तरीय कार्यान्वयन तंत्र को मजबूत करना, सरकारी कार्यक्रमों में डिजिटल स्वास्थ्य प्लेटफार्मों का एकीकरण, निजी स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं की बढ़ी हुई भागीदारी और डिजिटल स्वास्थ्य में ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग शामिल हैं।