आचार संहिता हटने का इंतजार, हरियाणा सरकार में होगा बड़ा बदलाव ?
हरियाणा में आचार संहिता के हटने के इंतजार किया जा रहा है। क्योंकि जैसे ही आचार संहिता हटेगी वैसे ही बड़े बदलाव हरियाणा में देखने को मिलेंगे। सबसे पहला बदलाव तो ये होगा कि रणजीत सिंह जो हिसार से चुनाव लड़ रहे हैं, जिन्होंने विधायकी पद से तो इस्तीफा दिया था लेकिन ऊर्जा मंत्री के पद से इस्तीफा नहीं दिया था ऐसे में वो अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके अलावा आचार संहिता हटने के बाद हरियाणा की बीजेपी सरकार अपने उन कार्यकर्ताओं, नेताओं को भी तोहफा दे सकती है जो पार्टी के साथ पूरी निष्ठा से जुड़े हुए हैं। दरअसल हरियाणा में कई चेयरमैन के पद खाली पड़े हुए हैं। तो ऐसे में इन निष्ठावान कार्यकर्ताओं को चेयरमैन की कुर्सी सौंपी जा सकती है। इसके साथ-साथ प्रदेश में अफसरों के तबादले होने भी तय माने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इसक सूचियां तक बनाई जा रही हैं। कहा ये भी जा रहा है कि इस महीने के आखिर तक ये तबादले हो ही जाएंगे। तो वहीं नायब मंत्रीमंडल में बदलाव की भी चर्चा है। क्योंकि चुनाव के समय नेताओं की नाराजगी जो देखने को मिली, निर्दलीयों ने जिस तरह से पाला बदला, उन सबसे सरकार जरूर सबक लेगी और नाराज विधायकों को खुश करने की जरूर कोशिश होगी। हो सकता है निर्दलीयों में से किन्हीं एक दो को मंत्रीमंडल में जगह मिल ही जाए।

दूसरी बात ये भी है कि जैसे ही नायब सरकार बनी थी उसके चार दिन बाद ही आचार संहिता लग गई थी। ऐसे में मुख्यमंत्री नायब सैनी को अपनी टीम बनाने का सही मौका ही नहीं मिला। और अब तक मुख्यमंत्री पूर्व मुख्यमंत्री की टीम से ही काम चला रहे हैं। अब चुनाव आचार संहिता हटने के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी जरूर अपनी टीम बनाना चाहेंगे।

अब जब वो अपनी टीम बनाएंगे तो जाहिर है कि अपने लोगों को मौका देंगे, जो उनके प्रति निष्ठा रखते हों, जो पहले उनकी टीम का हिस्सा रहे हों। तो ऐसे लोगों को जेजेपी से गठबंधन टूटने के बाद खाली हुए कई चेयरमैन पद में से कुछ सौंपा जा सकता है। कुछ विधायकों को जैसे भव्य बिश्नोई या फिर निर्दलीय विधायकों में से किसी को मंत्री पद सौंपा जा सकता है। और अफसरों के तबादले तो तय ही माने जा रहे हैं। क्योंकि चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री कई मंचों से प्रदेश के अफसरों को चेता चुके हैं। अफसरों की कार्यप्रणाली से उनकी नाराजगी है, तभी वो बार-बार अफसरों को चेतावनी देते हुए नजर आए हैं। इसलिए अफसरों के तबादलों की संभावना से कोई इनकार नहीं किया जा सकता। बहरहाल अब आचार संहिता के हटने का इंतजार है फिर देखिए हरियाणा में क्या-क्या बदलाव होता है।