आम आदमी पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट का किया धन्यवाद, कहा – यह फैसला संविधान और लोकतंत्र को मजबूत बनाने वाला

आम आदमी पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट का किया धन्यवाद, कहा – यह फैसला संविधान और लोकतंत्र को मजबूत बनाने वाला

पंजाब सरकार और राज्यपाल विवाद पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा पंजाब के राज्यपाल को फटकार लगाए जाने पर आम आदमी पार्टी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने इस फैसले के लिए सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद किया और कहा कि यह फैसला देश के संविधान और लोकतंत्र को मजबूत बनाने वाला है।

शुक्रवार को चंडीगढ़ पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि पंजाब के तीन करोड़ लोगों ने राज्य के कामकाज से संबंधित फैसले लेने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार को चुना है, राज्यपाल को नहीं।

उन्होंने कहा कि देश का संविधान जनता द्वारा चुने हुए लोगों को फैसले लेने का अधिकार देता है। राज्यपाल के पास इस मामले में बेहद सीमित अधिकार है। यह बात कोर्ट ने भी कही है।

उन्होंने कहा कि राज्यपाल द्वारा सत्र को गैर कानूनी बताना और लम्बे समय तक विधानसभा से पास विधेयकों को रोके रखने के कारण पंजाब को काफी नुकसान हुआ है। यह तरीका लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।

कंग ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 200 के अनुसार राज्यपाल सदन से पास हुए बिलों पर या तो अपनी सहमति दे सकते हैं या उसे विधानसभा स्पीकर के पास वापस भेज सकते हैं या उसे राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए सुरक्षित रख सकते हैं। विधेयकों के मामले में राज्यपाल के पास इसके अलावा और कोई विकल्प ही नहीं है।

कंग ने राज्यपाल से अपील करते हुए कहा कि अपने केंद्रीय नेतृत्व को खुश करने के लिए संविधान से बाहर जाकर कोई काम न करें। लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाए रखें और संविधानिक मर्यादा का पालन करें।

कंग ने गवर्नर का साथ देने के लिए विपक्षी पार्टियों की निंदा की और कहा कि इसके लिए विपक्षी नेताओं को पंजाब के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने राज्यपाल के गैर संवैधानिक फैसले को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को यह तय करना चाहिए कि वह मोदी सरकार के गैर संवैधानिक गतिविधियों के साथ है या देश के संविधान के साथ।