जिला पर्यटन कार्यालय पहुंचे नाराज चारधाम विकास परिषद के उपाध्यक्ष

जिला पर्यटन कार्यालय पहुंचे नाराज चारधाम विकास परिषद के उपाध्यक्ष
जिला पर्यटन कार्यालय पहुंचे नाराज चारधाम विकास परिषद के उपाध्यक्ष

रुद्रप्रयाग।  चारधाम विकास परिषद के उपाध्यक्ष शिवप्रसाद ममगाई सोमवार को जिला पर्यटन अधिकारी के कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग उनके अधीन होने के बावजूद जिला पर्यटन अधिकारी उनका फोन रिसीव तक नहीं करते। पिछले कई महीनों से उनका फोन नहीं उठाया जा रहा है। जब वह जिला पर्यटन विभाग के कार्यालय पहुंचे तो वहां भी पर्यटन अधिकारी नहीं थे। दायित्वधारी ने एक घंटे तक कार्यालय में इंतजार किया। लेकिन वह नहीं आए। हालांकि पर्यटन अधिकारी जनपद में ही मौजूद थे। उन्होंने उपस्थिति पंजिका रजिस्टर में पर्यटन अधिकारी की अनुपस्थिति भी लगाई।
लगभग दोपहर बाद तीन बजे जिला पर्यटन कार्यालय पहुंचे चारधाम विकास परिषद के उपाध्यक्ष शिवप्रसाद ममगाई ने बताया कि वह रुद्रप्रयाग जिले के पर्यटन अधिकारी से जनपद के विभिन्न पर्यटन स्थलों के विकास के लिए वार्ता करने को लेकर पिछले कई दिनों से फोन मिला रहे हैं, लेकिन वह फोन रिसीव तक नहीं कर रहे हैं। पर्यटन विभाग उनके ही अधीन आता है। लेकिन अधिकारी उनके प्रोटोकाल का भी ध्यान नहीं रखते। सोमवार को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर वह रुद्रप्रयाग आए हुए थे, और वह राज्य स्थापना दिवस के मौके पर भी मौजूद नहीं थे। जब रुद्रप्रयाग से भी फोन मिलाया तो उक्त अधिकारी ने उनका फोन उठाना जरूरी नहीं समझा।

जिस पर मजबूरी में उन्हें जिला पर्यटन अधिकारी के कार्यालय में स्वयं आना पड़ा। लेकिन वह कार्यालय में भी नहीं मिले। लगभग एक घंटा कार्यालय में उनका इंतजार किया, फिर फोन स्वीच ऑफ कर दिया। दायित्वधारी ने कहा कि अधिकारियों को तानाशाह नहीं होने दिया जाएगा। कहा कि अधिकारी जनता की सेवा के लिए हैं। मुख्यमंत्री ने भी सभी अधिकारियों को जनता की सेवा के लिए पूरी मेहनत से कार्य करने के सख्त निर्देश दिए हैं। बावजूद इसके अधिकारी उनकी बात नहीं मानेंगे तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिला पर्यटन अधिकारी सुनील नौटियाल से उनका पक्ष जानने के लिए मोबाइल पर संपर्क किया गया, लेकिन स्वीच ऑफ होने के कारण उनसे बात नहीं हो सकी।