उत्तरकाशी: जिले के बड़े अफसर पर महिला जेई ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप

उत्तरकाशी: जिले के बड़े अफसर पर महिला जेई ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप
सांकेतिक तस्वीर

पुरोला (उत्तरकाशी): यहां एक महिला अवर अभियंता ने जिला विकास अधिकारी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला अवर अभियंता ने इस संबंध में पुलिस में तहरीर भी दी है। वहीं, जिला विकास अधिकारी ने इस प्रकार की किसी भी घटना से इंकार किया है। महिला अवर अभियंता मंगलवार देर शाम अपने पिता के साथ पुरोला थाना पहुंची। यहां महिला अवर अभियंता ने बताया कि मंगलवार सुबह वे अपने स्थानांतरण के संबंध में जिला विकास अधिकारी से मिलने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंची थीं। आरोप है कि इस दौरान जिला विकास अधिकारी ने अश्लील हरकत की और शारीरिक शोषण करने का प्रयास किया। महिला अवर अभियंता ने कहा कि वह किसी प्रकार स्वयं को बचाने में सफल हुईं। वहीं जिला विकास अधिकारी ने आरोप को झूठा बताया।उन्होंने कहा कि वह किसी महिला अवर अभियंता से मिले ही नहीं हैं। थानाध्यक्ष पुरोला प्रदीप तोमर ने कहा कि महिला अवर अभियंता ने डीडीओ पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।