उत्तराखंड की सियासत में एक बार फिर जरूरी हो गए हैं खंडूरी!

उत्तराखंड की सियासत में एक बार फिर जरूरी हो गए हैं खंडूरी!
उत्तराखंड की सियासत में एक बार फिर जरूरी हो गए हैं खंडूरी!

देहरादून: प्रदेश की भाजपा सरकार और संगठन में नेतृत्व परिवर्तन के साथ उत्तराखंड की सियासत में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी एक बार फिर जरूरी हो गए हैं। पूर्व सीएम के देहरादून स्थित आवास पर अचानक सियासी रौनक बढ़ गई है। शनिवार को तीरथ सरकार के मंत्रियों गणेश जोशी, बिशन सिंह चुफाल के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उनसे मुलाकात की। इस दौरान खंडूड़ी ने मंत्रियों को नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि सभी लोग ईमानदारी से कार्य करें। सरकारें तो आती-जाती रहती हैं। जनता सब समझती है कि कौन ठीक काम कर रहा है और कौन नहीं।
मुख्यमंत्री बनने के बाद तीरथ सिंह रावत ने अपने राजनीतिक गुरू पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी के वसंत विहार स्थित आवास पर जाकर उनका आर्शीवाद लिया था। बीते रोज तीरथ सरकार के मंत्रियों के शपथ लेने के बाद शनिवार को खंडूड़ी से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और बिशन सिंह चुफाल ने अलग-अलग मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की। कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि खंडूड़ी उनके आदर्श हैं। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी का पैर छूकर आशीर्वाद लिया।इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। जनता ही बनाती है और बिगाड़ती है। वह अर्श पर ले जाती है तो फर्श पर लाने में भी देर नहीं लगाती। उन्होंने कहा कि सभी लोग पूरी ईमानदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करें।