मौसम:पहाड़ों पर हो रहे हिमपात से दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत ठंड की चपेट में

मौसम:पहाड़ों पर  हो रहे हिमपात से दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत ठंड की चपेट में
सांकेतिक तस्वीर

देहरादून:पहाड़ों पर लगातार हो रहे हिमपात से दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत ठंड की चपेट में है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बुधवार से दिल्ली के मौसम में थोड़ा बदलाव होगा। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को आकाश में बादल छाए रहेंगे। सुबह में हल्का कोहरा होगा। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली मंगलवार को भी शीतलहर की चपेट में रही। इस वजह से न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। इस वजह से सुबह में ठिठुरन महसूस की गई।स्काईमेट वेदर के मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने कहा कि अब अगले आठ दिन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इस दौरान आकाश में बादल छाए रह सकते हैं। इस वजह से तापमान में तीन से चार डिग्री बढ़ोतरी होगी। 26 और 27 दिसंबर को न्यूनतम तापमान नौ से 10 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। 27 से 29 दिसंबर के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म होगा और कोहरा शुरू हो सकता है।
उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड जारी, बारिश-बर्फबारी के आसार :
उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड जारी है। मैदानों में शीत लहर और पहाड़ों में पाले के कारण दुश्वारियां बरकरार हैं। हालांकि, दिन में चटख धूप खिलने से फौरी राहत मिल रही है। मौसम विभाग ने क्रिसमस तक प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में ऊंचाई वाले स्थानों में कहीं-कहीं बर्फबारी और बारिश की आशंका जताई है। जबकि, मैदानों में शीत लहर का सिलसिला जारी रहेगा।