अमित शाह का हरियाणा दौरा, ‘बीजेपी ने 36 बिरादरी का विकास किया, हुड्डा काल में दलाल, दामाद और डीलरों की सरकार थी’
बादशाहपुर में अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल बाबा झूठ बोलने की मशीन हैं। राहुल गांधी के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का कहना है कि सरकार अग्निवीर योजना इसलिए लेकर आई क्योंकि सरकार उन्हें पेंशन वाली नौकरी नहीं देना चाहती। अमित शाह ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि अग्निवीर योजना हमारी सेना को जवान रखने के लिए बनाई गई है।
हरियाणावासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं को सेना में भेजने का संकोच ना करें। क्योंकि हरियाणा सरकार और भारत सरकार प्रत्येक अग्निवीर को पेंशन वाली नौकरी देगी। उन्होंने कहा कि मैं वादा करता हूं कि आने वाले 5 साल बाद कोई अग्निवीर ऐसा नहीं होगा जिसके पास पेंशन वाली नौकरी ना हो।

अमित शाह ने कहा कि हरियाणा ऐसा राज्य है जहां की माताओं ने अपने जवानों को सेना में भेजा है। हरियाणा वीरों की भूमि है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी 2014 में जब सत्ता में आए तो उन्होंने अपने चुनाव अभियान की शुरुआत हरियाणा से ही की थी। और उन्होंने वादा किया था कि हम वन रैंक वन पेंशन को पूरा करेंगे, लेकिन कांग्रेस सरकार इसे 40 साल तक टालती रही।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और मनमोहन-सोनिया गांधी ने सैनिकों की इस मांग को नहीं सुना। लेकिन आपने जैसे ही मोदी को प्रधानमंत्री बनाया उन्होंने तुरंत सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन की मांग को पूरा कर दिया। आज मैं आपको बताता हूं कि पीएम मोदी ने वन रैंक-वन पेंशन का तीसरा संस्करण भी लागू कर दिया है। जल्द ही नए वेतन के साथ पेंशन भी मिलेगी।

अमित शाह ने कहा कि 3 अक्टूबर से माता रानी के नवरात्रि शुरू हो रहे हैं, पांच अक्टूबर को मतदान है। जब आप वोट डालें तो याद रखें कि यह वही कांग्रेस है, जो माता रानी का अपमान करती है। इसे ध्यान में रखकर वोट करें। भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि हरियाणा में जब पिछली सरकारें आती थीं तो वो एक जाति और एक जिले का विकास करती थीं।लेकिन 2014 में हरियाणा की जनता ने बीजेपी की सरकार बनाई और दस साल तक बीजेपी सरकार ने प्रदेश की 36 बिरादरियों का विकास किया। जब हुड्डा साहब सत्ता में थे तो दलालों, दामादों और डीलरों की सरकार थी। और तब उन्होंने अपने दामाद को दिल्ली में अमीर बनाने के लिए गुरुग्राम में करोड़ों रुपये की जमीन बर्बाद कर दी।

हरियाणा में वायरल हुए एक वीडियो के बारे में बात करते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस का एक प्रत्याशी दावा कर रहा है कि अगर मुझे विधायक बनाया गया तो मैं हर समर्थक को 50 नौकरियां दूंगा। कैसे दोगे भाई? कोई नियम है कि नहीं। अगर अपने समर्थकों को ही नौकरियां देंगे तो हरियाणा की जनता क्या करेगी?उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने बिना पर्ची-खर्ची के सरकारी नौकरियां दीं।