उत्तराखंड में पकड़ा गया अवैध हथियार बनाने का कारखाना, दो आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड में पकड़ा गया अवैध हथियार बनाने का कारखाना, दो आरोपी गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर

नानकमत्ता: उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता (Nanakmatta) में पुलिस ने छापा मारकर गैरकानूनी हथियार बनाने वाला कारखाना पकड़ा है। अवैध हथियार बनाने वाला यह कारखाना नानकमत्ता के ग्राम ध्यानपुर के जंगल में पक़डा है। छापे में पुलिस इस अवैध हथियार फैक्ट्री से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन भागने में सफल रहे। मौके से पुलिस को हथियार बनाने में काम आने वाले उपकरण जैसे कि 315 बोर की एक पोनिया राइफल, 315 बोर के 2 तमंचे, 3 कारतूस, खोखे, 312 बोर के 3 कारतूस, 13 खोखे और एक वेल्डिंग मशीन बरामद की है। इसके अलावा, तीन बाइकें तथा एक कार बरामद की गई है। मौके से पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर रात थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट ने सूचना के आधार पर ध्यानपुर के जंगलों में में छापा मारा। यहां ध्यानपुर तथा सरोंजा के घने जंगल के बीच हथियार माफिया अवैध रूप से हथियारों का निर्माण कर रहे थे।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से ग्राम दीननगर निवासी गुरमीत सिंह तथा ग्राम टुकड़ी निवासी मक्खन सिंह को पकड़ लिया, जबकि टुकड़ी गांव निवासी बलवीर सिंह, बिचवा भूड़ निवासी सुक्खा सिंह तथा ग्राम पहसैनी निवासी एक अज्ञात आरोपी फरार हो गए। टीम में एसआई अवनीश कुमार, एसआई नवीन बुधानी, ललित नेगी, हरीश चंद, हेमचंद फुलारा, प्रकाश आर्या, मोहित वर्मा और वोबिन्दर कुमार आदि शामिल थे।