भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर को जान से मारने की मिली धमकी

भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर को जान से मारने की मिली धमकी

भारतीय क्रिकेट टीम के वर्तमान मुख्य कोच गौतम गंभीर को जान से मारने की धमकी मिली है। बुधवार को आईएसआईएस कश्मीर नामक ईमेल आईडी से दो ईमेल प्राप्त हुए। दोनों पर लिखा था - आई किल यू।

इसके बाद गौतम ने गुरुवार को दिल्ली के राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। गंभीर ने मांग की है कि पुलिस उनके परिवार और प्रियजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। गंभीर को नवंबर 2021 में भी एक धमकी भरा ईमेल मिला था। तब वह पूर्वी दिल्ली से सांसद थे।

गंभीर ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की
आपको बता दें कि गंभीर ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले की निंदा की और इसका मुंहतोड़ जवाब देने की मांग की।

गंभीर ने एक्स पर लिखा था कि मृतकों के परिवारों के लिए प्रार्थना करता हूं। इसके लिए जिम्मेदार लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।

मंगलवार को पहलगाम की बसरन घाटी में आतंकवादियों की गोलीबारी में 26 पर्यटक मारे गए थे। पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) की शाखा द रेजिस्टेंस फ्रंट ने हमले की जिम्मेदारी ली है।