पंजाब CM भगवंत मान का फेक वीडियो बनाने पर FIR, संगरूर के युवक ने कनाडा से डाले 2 वीडियो

पंजाब CM भगवंत मान का फेक वीडियो बनाने पर FIR, संगरूर के युवक ने कनाडा से डाले 2 वीडियो

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का फेक वीडियो बनाकर उनकी छवि धूमिल करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में संगरूर निवासी जगमन समरा नामक युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मोहाली में FIR दर्ज की गई है।

जानकारी के मुताबिक, जगमन समरा फिलहाल ब्रिटिश कोलंबिया (कनाडा) में रह रहा है। पुलिस यह जांच कर रही है कि उसने यह वीडियो किस तरह तैयार किए। बताया जा रहा है कि समरा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दो वीडियो पोस्ट किए हैं, जिनमें उसने लिखा— “यह तो सिर्फ ट्रेलर है, एआई साबित करने वाले को एक मिलियन डॉलर इनाम मिलेगा।” उसने दावा किया कि कुल सात वीडियो हैं। पहली पोस्ट सोमवार (20 अक्टूबर) रात 2 बजे और दूसरी मंगलवार (21 अक्टूबर) सुबह 7 बजे डाली गई थी। समरा ने एक दूसरे अकाउंट से भी पोस्ट साझा की और लिखा कि इसमें दिख रही महिलाएं रूसी मूल की हैं। उसके मुताबिक, यह वीडियो होटल सन एंड सैंड, बॉम्बे बीच की है, जहां सीएम मान व्यापारियों और उद्योगपतियों से मिलने गए थे।

इसके अलावा उसने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से जुड़ी वायरल वीडियोज पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वे 2022-23 की पुरानी क्लिप्स हैं। उसने दावा किया कि जो भी साबित कर दे कि वे असली हैं, उसे वह 5 करोड़ रुपये नकद देगा। उसने यह भी कहा कि उसके पास दो पुरानी पंजाबी लड़कियों वाली वीडियो हैं, जिनका चेहरा ढका हुआ है। सोशल मीडिया पर जगमन समरा के दो अकाउंट सक्रिय हैं। एक अकाउंट में उसने खुद को उद्योगपति बताया है, साथ ही “डबल एफएफ स्टोर” का मालिक और सीईओ बताया है। उसने अपनी शिक्षा गवर्नमेंट रनवीर कॉलेज, संगरूर से एमए (इंग्लिश) बताई है। इस अकाउंट के करीब 33 हजार फॉलोअर्स हैं।

दूसरे अकाउंट में उसने खुद को “अर्बन फार्म” से जुड़ा बताया है और लिखा है कि वह पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला से पढ़ा है तथा वैंकूवर, ब्रिटिश कोलंबिया में रहता है। इस अकाउंट को भी लगभग 32 हजार लोग फॉलो करते हैं।