खट्टर उपलब्धियां गिनाएंगे, विपक्ष नाकामियां... हरियाणा में भाजपा सरकार के 9 साल पूरे होने पर पक्ष-विपक्ष की रैलियां

खट्टर उपलब्धियां गिनाएंगे, विपक्ष नाकामियां... हरियाणा में भाजपा सरकार के 9 साल पूरे होने पर पक्ष-विपक्ष की रैलियां

हरियाणा की मौजूदा मनोहर सरकार के 27 अक्टूबर को नौ साल पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे में जहां बीजेपी अपनी उपलब्धियां गिनाने के लिए रैली की तैयारी में जुटी है, वहीं विपक्षी दल रिपोर्ट कार्ड के साथ सरकार की नाकामियां गिनाने के लिए सभाएं आयोजित करने की तैयारी में हैं। लिहाजा, इस दौरान प्रदेश की राजनीति गरमाने वाली है।

बीजेपी करनाल में रैली का आयोजन करने वाली है। इसमें गृहमंत्री अमित शाह बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। पिछले चुनाव के दौरान बीजेपी को उत्तरी हरियाणा में सर्वाधिक सीटें मिली थीं। करनाल, उत्तरी हरियाणा का अंतिम जिला है। यहां पर रैली का आयोजन करके बीजेपी कुरुक्षेत्र, करनाल और सोनीपत लोकसभा क्षेत्रों को साधने का काम करेगी। इससे पहले अमित शाह सिरसा में एक रैली कर चुके हैं।

अमित शाह से पहले दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल हरियाणा आ रहे हैं। केजरीवाल पार्टी के नवनियुक्त ग्राम सचिवों और वार्ड प्रधानों को शपथ दिलवाएंगे। रोहतक आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद का गृहक्षेत्र है। जयहिंद के पार्टी छोड़ने के बाद यह पहला मौका है, जब केजरीवाल रोहतक आ रहे हैं। वैसे तो इस कार्यक्रम के पार्टी कार्यकर्ताओं तक सीमित होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन आप इसके जरिए रोहतक, सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में स्थिति मजबूत करने का भी प्रयास करेगी।