चंडीगढ़ में नहीं बढ़ेंगे पार्किंग के रेट ! मेयर ने एजेंडा किया खारिज
चंडीगढ़ में पार्किंग रेट में फिलहाल कोई बदलाव नहीं होगा। सोमवार को नगर निगम हाउस की मीटिंग में पार्किंग रेट से जुड़ा एक प्रस्ताव खारिज कर दिया गया। विपक्षी पार्षदों ने इस मामले पर चर्चा की मांग की, लेकिन मेयर ने बिना चर्चा के प्रस्ताव खारिज कर दिया।
प्रस्ताव में फ्लैट रेट के बजाय घंटे के हिसाब से पार्किंग चार्ज लेने का प्रस्ताव था। मेयर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) कभी भी रेट बढ़ाने के पक्ष में नहीं थी और न ही कभी ऐसा करेगी। विपक्ष ने सवाल उठाया कि मेयर की इजाजत के बिना यह प्रस्ताव हाउस में कैसे आया, इसलिए इस पर चर्चा होनी चाहिए।
चंडीगढ़ नगर निगम कमिश्नर ने दलील दी कि असिस्टेंट कमिश्नर, जो चर्चा के दौरान टेक्निकल दिक्कतों को सुलझा सकते थे, आज मौजूद नहीं थे। वह घर पर थे। इसलिए, प्रस्ताव को बिना चर्चा के खारिज कर दिया गया।
आपको बता दें कि अभी चंडीगढ़ में एक घंटे और बारह घंटे की पार्किंग के लिए एक ही रेट है। लोग सुबह अपनी गाड़ियां पार्क करते हैं और शाम को ले जाते हैं। ऐसे में पार्किंग की जगह भरी रहती है, जबकि निगम को भी रेवेन्यू का नुकसान होता है। निगम की योजना के अनुसार, हर दो या तीन घंटे में पार्किंग शुल्क बढ़ाया जाना था। उदाहरण के लिए, यदि पहले घंटे के लिए पार्किंग शुल्क 40 रुपये था, तो यह दूसरे घंटे के लिए 60 रुपये हो जाएगा। यदि कोई पूरे 12 घंटे तक पार्किंग करता है, तो 100 से 200 रुपये चार्ज किए जा सकते हैं।