पंजाब नेशनल बैंक ऋण घोटाले के भगोड़े मेहुल चोकसी बेल्जियम में गिरफ्तार
पंजाब नेशनल बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में आरोपी भगोड़े हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चोकसी को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के अनुरोध पर शनिवार को गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल जेल में है। आपको बता दें कि भारत ने बेल्जियम के साथ चोकसी के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने चोकसी को गिरफ्तार करते समय दो गिरफ्तारी वारंट का हवाला दिया। ये आदेश मुंबई की एक अदालत द्वारा जारी किये गये। रिपोर्ट में कहा गया है कि वारंट 23 मई 2018 और 15 जून 2021 की तारीख के हैं। माना जा रहा है कि चोकसी अपने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए जमानत और तत्काल रिहाई की मांग कर सकता है।
आपको बता दें कि चोकसी पर 13,850 करोड़ रुपये का घोटाला करने का आरोप है। पिछले महीने पता चला था कि मेहुल चोकसी बेल्जियम में छिपा हुआ है। रिपोर्टों के अनुसार, मेहुल अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ रह रहा है, जिसे बेल्जियम की नागरिकता प्रदान की गई है। बेल्जियम के विदेश मंत्रालय ने ही चोकसी की मौजूदगी की जानकारी दी थी।