पंजाब में तापमान 35 डिग्री के पार, जानें अपने शहर के मौसम का हाल

पंजाब में तापमान 35 डिग्री के पार, जानें अपने शहर के मौसम का हाल

पंजाब में गर्मी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। हालांकि सुबह और शाम को ठंड का अहसास हो रहा है, लेकिन दोपहर में सूरज की गर्मी अपना पूरा जोर दिखा रही है। 24 घंटे में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, औसत अधिकतम तापमान अब सामान्य के करीब पहुंच गया है।

सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पंजाब के सभी जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है। उधर, चंडीगढ़ में तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ और पंजाब में छह अप्रैल तक मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। किसी भी तरह की बारिश या तूफान की चेतावनी नहीं है। हालांकि, तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके साथ ही दिल्ली-अंबाला और अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर मौसम साफ रहेगा।

पंजाब में इस समय किसी भी प्रकार की कोई चेतावनी नहीं है। जहां तक ​​बारिश का सवाल है, पंजाब में अप्रैल महीने में 100 फीसदी कम बारिश हुई है। इससे पहले 0.1 मिमी बारिश हुई थी, जबकि इस बार 0.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है।