कैबिनेट ने ₹12,015 करोड़ की दिल्ली मेट्रो फेज 5A को दी मंज़ूरी
केंद्रीय कैबिनेट ने 12 हज़ार 15 करोड़ रुपये की दिल्ली मेट्रो के फेज 5A को मंज़ूरी दे दी है। कैबिनेट मीटिंग के बाद नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस फेज के तहत तीन मेट्रो कॉरिडोर, आर के आश्रम से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से एयरपोर्ट टर्मिनल 1, और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज को मंज़ूरी दी गई है, और 13 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस विस्तार से दिल्ली मेट्रो नेटवर्क 400 किलोमीटर से ज़्यादा हो जाएगा।
श्री वैष्णव ने कहा कि पिछले 11 सालों में मेट्रो सेक्टर में क्रांतिकारी बदलाव देखे गए हैं, और भारत चीन और अमेरिका के बाद दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन गया है। श्री वैष्णव ने बताया कि आज मंज़ूर किए गए नए कॉरिडोर से कनेक्टिविटी बेहतर होगी, सड़कों पर भीड़ कम होगी और हवा की क्वालिटी में सुधार होगा।