Zomato कर्मचारियों को कंपनी से बड़ा झटका, 600 कर्मचारियों की छंटनी
फूड डिलीवरी कंपनी ZOMATO से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जिसमें बताया जा रहा है कि ZOMATO ने करीब 600 कस्टमर सपोर्ट एग्जीक्यूटिव को नौकरी से निकाल दिया है।
आपको बता दें कि कंपनी ने पिछले साल जोमैटो एसोसिएट एक्सेलेरेटर प्रोग्राम (ZAAP) कार्यक्रम के तहत इन कर्मचारियों को काम पर रखा था। लेकिन जब कंपनी ने एआई प्लेटफॉर्म नुगेट लॉन्च किया तो इस सॉफ्टवेयर के लॉन्च के बाद कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया।
इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से कंपनी हर महीने 1.5 करोड़ ग्राहकों के प्रश्नों का प्रबंधन कर रही है। नुगेट को लॉन्च करते समय ज़ोमैटो के सह-संस्थापक दीपिंदर गोयल ने कहा था, "यह प्लेटफ़ॉर्म ग्राहक सहायता को आसान और किफ़ायती बनाएगा। इसके लिए कोडिंग या डेवलपर टीम की ज़रूरत नहीं है; यह सिर्फ़ ऑटोमेशन के ज़रिए किया जाएगा।"
ज़ोमैटो अब ब्लिंकिट और हाइपरप्योर जैसी अपनी अन्य कंपनियों को भी नुगेट के माध्यम से ग्राहक सहायता प्रदान कर रहा है। नुगेट के आने के बाद 80% प्रश्न एआई द्वारा हल किये जा रहे हैं। इससे ग्राहकों की समस्याओं के समाधान में लगने वाला समय 20% कम हो गया। अनुपालन में भी 20% सुधार हुआ है।