12 साल की बहन की शादी करवाने पर भाई ने करवाया घरवालों पर केस दर्ज

12 साल की बहन की शादी करवाने पर भाई ने करवाया घरवालों पर केस दर्ज
Demo Pic

ऊधमसिंह नगर: भाई के विरोध के बावजूद सौतेली मां और पिता ने नाबालिग बेटी की शादी करवा दी। भाई की तहरीर पर पुलिस ने लड़की की मां, पिता समेत छह लोगों के खिलाफ बाल विवाह अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इनमें से चार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। वहीं सौतेली मां और दूल्हा पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके हैं।मिला जानकारी के अनुसार ग्राम बखपुर निवासी अजय कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसके पिता मेवा लाल और सौतेली मां दुर्गा देवी 12 वर्षीय बहन की जबरन शादी करवाने पर अड़े थे। जब उसने विरोध किया तो उसे शादी रुकवाने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
अजय ने गालीगलौच और मारपीट का आरोप भी लगाया है। उसने कहा कि सात दिसंबर को तड़के चार बजे माता-पिता बहन को शादी के लिए ले गए। इन्होंने विजय पाल निवासी बरा, साकिर और उसकी पत्नी सितारा निवासी रघुवंशी फार्म के साथ मिलकर राजू पुत्र विजयपाल निवासी फतेहगंज जिला बरेली के साथ बहन का विवाह करवा दिया।इधर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मेवा लाल, विजयपाल, साकिर और सितारा को गिरफ्तार कर लिया है। इधर, लड़की की मां दुर्गा देवी और दूल्हा राजू फरार हैं। 
छह आरोपियों पर केस दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है। मामले में दो आरोपी फरार हैं। पुलिस जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लेगी। किशोरी को बाल संरक्षण आयोग के सुपुर्द कर दिया गया है।
-चंद्र मोहन, कोतवाल किच्छा