जागेश्वर मंदिर में गुंडई: भाजपा सांसद की गिरफ्तारी पर अड़े पुरोहित

जागेश्वर मंदिर में गुंडई: भाजपा सांसद की गिरफ्तारी पर अड़े पुरोहित
जागेश्वर मंदिर में गुंडई: भाजपा सांसद की गिरफ्तारी पर अड़े पुरोहित

अल्मोड़ा: जागेश्वर धाम पहुंचकर शनिवार को प्रबंधक और पुजारियों से गालीगलौच और मंदिर परिसर में गुंडई करने के आरोपी आंवला से भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप के खिलाफ पुजारियों, जनप्रतिनिधियों और लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि शीघ्र सांसद को गिरफ्तार किया जाए। पुजारियों ने कहा कि मंदिर में वीआईपी और वीवीआईपी व्यवस्था समाप्त कर उनके साथ आने वाले सुरक्षा कर्मियों के परिसर के भीतर हथियार ले जाने पर पाबंदी लगे। 
पुजारियों का कहना है कि वीआईपी, वीवीआईपी सहित आम व्यक्ति जो भी मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं वह सभी श्रद्धालु हैं। भगवान के लिए सभी समान हैं। ऐसे में वीआईवी और वीवीआईपी व्यवस्था मंदिर में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभद्रता के आरोपी आंवला के सांसद की गिरफ्तारी की जाए, ताकि ऐसा व्यवहार करने वालों को सबक मिल सके। आंवला के सांसद के जागेश्वर धाम में प्रवेश पर आजीवन प्रतिबंध लगाया जाए। सभी ने एकसुर में मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की। 
बागनाथ मंदिर में भी प्रदर्शन
बागनाथ मंदिर परिसर में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष नंदन रावल के नेतृत्व में एकत्र पुजारियों और पंडितों ने जागेश्वर धाम में घटित घटना को शर्मसार करने वाली घटना बताया। कहा कि भाजपा के सांसद ने सारी मर्यादाओं को तार-तार किया। कहा कि सांसद भगवान जागेश्वर का आशीर्वाद लेने आए थे, या अपनी धौंस दिखाने। ऐसे तत्वों को सबक सिखाया जाना चाहिए। पंडित हेम जोशी, भास्कर लोहनी ने कहा कि भाजपा सांसद के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि और लोगों को भी सबक मिल सके। कहा कि सांसद को सबक नहीं सिखाया गया तो बागनाथ धाम के पुजारी और पंडित आंदोलन शुरू कर देंगे। 
आप कार्यकर्ताओं ने फूंका सांसद कश्यप का पुतला
भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप के कृत्य के विरोध में सोमवार को बागेश्वर में आप कार्यकर्ताओं ने भी विरोध जताया। एसबीआई तिराहे पर एकत्र आप कार्यकर्ताओं ने सांसद का पुतला फूंका। कहा कि सांसद के खिलाफ कार्रवाई के लिए आप कार्यकर्ता लगातार आवाज उठाते रहेंगे। पुतला दहन में आप के जिला सोशल मीडिया प्रभारी भीम कुमार, दिनेश कुमार, गणेश उपाध्याय, भुवन चंद्र, निखिल चोपड़ा, तेजपाल सिंह, सरिता टम्टा आदि थे। 
कांग्रेसियों ने दिया धरना
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा के सांसद धर्मेंद्र कश्यप के कृत्य को अक्षम्य बताते हुए बागनाथ मंदिर परिसर में धरना दिया। भगवान बागनाथ से सांसद को सबक सिखाने की प्रार्थना की। कहा कि भाजपा सांसद के कृत्य के पूरी पार्टी की बदनामी हुई है। धर्म के नाम पर सत्ता के सिंहासन पर पहुंची पार्टी के सांसद के कृत्य से भाजपा की भी छवि खराब हुई है। धरने पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री राजेंद्र टंगड़िया, युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कवि जोशी, यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंकुर उपाध्याय, भाजपा नेता किशन कठायत आदि बैठे। वहीं राजस्व पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सांसद धर्मेंद्र कश्यप का हो भाजपा से निष्कासन : उक्रांद
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने जागेश्वर धाम में हुई अभद्रता के आरोपी भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप को पार्टी से निकालने की मांग की है। उन्होंने कहा कि खुद को अनुशासित पार्टी बताने वाले दल के नेता भोले के दरबार में आकर गाली-गलौज कर रहे हैं और प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व तक चुप है। काशी सिंह ऐरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकार ने खुद ही एसओपी जारी की और उन्हीं की पार्टी के सांसद नियम तोड़ रहे हैं।