जाते-जाते भी कई रिकार्ड बना गए तीरथ सिंह रावत

जाते-जाते भी कई रिकार्ड बना गए तीरथ सिंह रावत
CM Tirath Singh Rawat (File Pic)

देहरादून:तीरथ सिंह रावत इकलौते ऐसे मुख्यमंत्री रहे जो प्रदेश में कई तरह के रिकॉर्ड बना गए। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ऐसे पहले मुख्यमंत्री बन गए जो मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान विधानसभा के सदस्य नहीं रहे। उनके नाम दूसरा रिकॉर्ड ये जुड़ा है कि वे अब तक के मुख्यमंत्रियों के रूप में सबसे छोटे कार्यकाल के मुख्यमंत्री रहे हैं। तीसरा रिकॉर्ड ये कि उनके कार्यकाल में विधानसभा का एक भी सत्र नहीं हुआ। यानि की सीएम रहते विधानसभा का मुंह भी न देख सके।

तीरथ सिंह रावत गढ़वाल संसदीय सीट से सांसद हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार में हुए नेतृत्व परिवर्तन में पार्टी हाईकमान ने त्रिवेंद्र सिंह रावत को हटाकर तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री की कमान सौंपी थी। तीरथ ने 10 मार्च को बतौर मुख्यमंत्री शपथ ली और दो जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दिया। इस तरह उनका कार्यकाल महज 114 दिन का रहा। इससे पहले राज्य गठन के बाद बनी अंतरिम सरकार में दूसरे मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी का कार्यकाल 122 दिन रहा था। अलबत्ता वह पहले विधानसभा चुनाव के दौरान काफी दिन कार्यवाहक मुख्यमंत्री रहे। उत्तराखंड में सबसे लंबे समय तक सीएम रहने का रिकार्ड स्व. एनडी तिवारी के नाम है वह 2002 से 2007 के बीच पांच साल पांच दिन तक उत्तराखंड के सीएम रहे थे।एनडी तिवारी के बाद सबसे लंबा 3 साल 357 दिनों का शासन काल त्रिवेन्द्र सिंह रावत का रहा।

उत्तराखंड में कौन कितने समय के लिए सीएम रहा?
1. नित्यानंद स्वामी : 9 नवंबर 2000 से 29 अक्टूबर 2001 (354 दिन)

2. भगत सिंह कोश्यारी : 30 अक्टूबर 2001 से 1 मार्च 2002 (122 दिन)

3. नारायण दत्त तिवारी : 2 मार्च 2002 से 7 मार्च 2007 (5 साल 5 दिन)

4. भुवन चन्द्र खंडूड़ी : 7 मार्च 2007 से 26 जून 2009 (2 साल 111 दिन)

5. रमेश पोखरियाल निशंक : 27 जून 2009 से 10 सितंबर 2011 (2 साल 75 दिन)

6. भुवन चन्द्र खंडूड़ी : 11 सितंबर 2011 से 13 मार्च 2012 (184 दिन)

7. विजय बहुगुणा : 13 मार्च 2012 से 31 जनवरी 2014 (1 साल 324 दिन)

8. हरीश रावत : 1 फ़रवरी 2014 से 18 मार्च 2017 (3 साल 2 दिन) (राष्ट्रपति शासन के चलते 27 मार्च 2016 और 22 अप्रैल 2016 को क्रमश: 1 और 19 दिनों के लिए 2 बार टैन्योर बाधित)

9. त्रिवेन्द्र सिंह रावत : 18 मार्च 2017 से 10 मार्च 2021 (3 साल 357 दिन)

10. तीरथ सिंह रावत : 10 मार्च 2021 से 2 जुलाई 2021 (114 दिन)