ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां राजमाता माधवी राजे सिंधिया का निधन, सीएम और अन्य नेताओं ने जताया दुख
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां और ग्वालियर राजघराने की राजमाता माधवी राजे सिंधिया का निधन हो गया है। माधवी राजे सिंधिया ने बुधवार सुबह दिल्ली एम्स में अंतिम सांस ली। माधवी राजे सिंधिया काफी समय से बीमार चल रही थीं। 15 फरवरी को उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती करवाया गया था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से वे वेंटिलेटर पर थीं । उन्हें सेप्सिस के साथ ही निमोनिया भी हो गया था।

माधवी राजे सिंधिया मूल रूप से नेपाल की रहने वाली थीं। उनका नेपाल के राजघराने से संबंध था। उनके दादा जुद्ध शमशेर बहादुर नेपाल के प्रधानमंत्री थे। ग्वालियर राजघराने के माधवराव सिंधिया से साल 1966 में उनका विवाह हुआ था। मौजूदा वक्त में उनके बेटे ज्योतिरादित्य सिंधिया बीजेपी के कद्दावर नेता और केंद्रीय मंत्री हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी हैं। जहां 7 मई को मतदान हो चुका है। हालांकि चुनाव प्रचार के दौरान भी सिंधिया दिल्ली लगातार जाते रहे थे।

ज्योतिरादित्य सिंधिया को अपनी मां के काफी करीब माना जाता है। बताया जाता है कि मां की तबीयत ठीक ना होने की ही वजह से ज्योतिरादित्य बीजेपी के कार्यक्रमों से दूर रहे। वे सिर्फ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद से वो लगातार दिल्ली में ही बने हुए थे। चुनाव प्रचार के दौरान भी वो दिल्ली दौरा करते रहे । और चुनाव प्रचार थमते ही ज्योतिरादित्य का पूरा परिवार दिल्ली आ गया था।
मां के निधन के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यालय से बयान जारी किया गया जिसमें कहा गया कि बड़े दुख के साथ ये साझा करना चाहते हैं कि राजमाता साहब नहीं रहीं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की माता और ग्वालियर राजघराने की राजमाता माधवी राजे सिंधिया जी का इलाज पिछले दो महीने से दिल्ली एम्स अस्पताल में चल रहा था। पिछले दो सप्ताह में स्थिति बेहत खराब थी। आज सुबह 9:28 बजे उन्होंने दिल्ली के एम्स अस्पताल में आखिरी सांस ली।