पीएम मोदी कल आएंगे हरियाणा, बीजेपी के चुनाव प्रचार को देंगे धार... अंबाला में बंतो कटारिया के लिए मांगेंगे वोट

पीएम मोदी कल आएंगे हरियाणा, बीजेपी के चुनाव प्रचार को देंगे धार... अंबाला में बंतो कटारिया के लिए मांगेंगे वोट

हरियाणा में चुनाव प्रचार की कमान अब तक सीएम नायब सैनी और पूर्व सीएम मनोहर लाल ने ही संभाल रखी थी। हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह का टूर भी कैंसल हो गया था। लेकिन अब पीएम मोदी खुद चुनाव प्रचार के लिए हरियाणा पहुंच रहे हैं। पीएम मोदी 18 मई के दिन यानि शनिवार के दिन अंबाला शहर पहुंचेंगे और यहां बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। नरेंद्र मोदी बीजेपी की अंबाला से उम्मीदवार बंतो कटारिया के लिए वोट मांगेंगे। आपको बता दें कि नरेंद्र मोदी पीएम बनने के बाद पहली बार अंबाला आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि पीएम मोदी 18 मई की दोपहर करीब 12 बजे अंबाला शहर पहुंचेंगे और यहां पुलिस लाइन मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस मौके पर प्रदेश के कई दिग्गज नेता भी मौजूद रहेंगे। हरियाणा की राजनीतिक स्थिति की बात करें तो अभी प्रदेश की सभी 10 सीटें बीजेपी के पास हैं और इन चुनावों में भी प्रदेश बीजेपी का लक्ष्य सभी 10 सीटें जीतकर पीएम मोदी के 400 पार के नारे को पूरा करना है। जिसके लिए प्रदेश बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

अब क्योंकि पीएम मोदी का ये पहला अंबाला दौरा है इस वजह से क्षेत्र के बीजेपी कार्यकर्ताओं में भी खुशी की लहर है। कार्यकर्ता जोश में आ गए हैं। और वो रैली में कोई कमी नहीं रखना चाहते हैं। इतना ही नहीं प्रदेश मंत्री भी उत्साहित हैं। इसी के चलते कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर, परिवहन राज्यमंत्री असीम गोयल, यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास और बीजेपी पदाधिकारियों ने रैली स्थल का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर अंबाला डीसी डॉ. शालीन और अंबाला पुलिस अधीक्षक जशनदीप सिंह रंधावा भी उनके साथ मौजूद रहे ।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर क्षेत्र में पुलिस भी पूरी तरह से मुस्तैद हो गई है। इलाके में चौकसी बढ़ा दी गई है। हर आने-जाने वाले पर पुलिस की गहरी नजर है।