दिल्ली में जल संकट, टैंकर के पीछे दौड़ते दिखे लोग, अरविंद केजरीवाल ने BJP से मांगी मदद !

दिल्ली में जल संकट, टैंकर के पीछे दौड़ते दिखे लोग, अरविंद केजरीवाल ने BJP से मांगी मदद !

दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अब दिल्ली के लोगों को भयंकर जल संकट से जूझना पड़ रहा है। हालात ये हो गए हैं कि दिल्लीवासी पानी की बूंद-बूंद के लिए तरसते हुए नजर आ रहे हैं। दिल्ली में जल संकट किस हद तक बढ़ गया है इसे बयां करता हुआ एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। 

दिल्ली के चाणक्यपुरी में जैसे ही पानी का टैंकर आता है वैसे ही लोग अपनी-अपनी पाइपें लेकर टैंकर पर कूद पड़ते हैं। हर कोई कम से कम इतना पानी तो इकट्ठा करना चाहता है ही जिससे पीने के पानी की तो पूर्ति हो जाए। ऐसे हालात सिर्फ चाणक्यपुरी में ही नहीं हैं बल्कि दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में लोग पानी के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आ जाएंगे। एक तो आसमान से भगवान आग बरसा रहे हैं दूसरा जमीन पर पीने के लिए पानी तक नहीं है। ऐसे में लोग परेशान हो गए गए हैं। दिल्ली में जलसंकट बढ़ा तो वीरवार के दिन दिल्ली सरकार ने आपातकालीन बैठक बुलाई। साथ ही ये भी निर्णय लिया कि अगर दिल्ली में किसी ने पानी की बर्बादी की तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा।


गीता कालोनी की बात करें तो यहां भी कुछ ऐसे ही हालात हैं। पानी भरने के लिए लोगों की भारी भीड़ है। पानी का एक ही पाइप है जिससे पानी भरने के लिए लोगों में काफी जद्दोजहद हो रही है। इस जलसंकट पर स्थानीय लोगों का कहना है कि ये बहुत बड़ी समस्या है। पानी का एक टैंकर आता है। और बस्ती बहुत बड़ी है। अब एक टैंकर से इतनी बड़ी बस्ती का क्या होगा। सरकार को भी दो बार एप्लीकेशन दी गई है लेकिन गरीब लोगों की कोई नहीं सुनता। लोगों का कहना है कि पीने के लिए खरीदकर पानी पीते हैं। वहीं पानी भरने के लिए कभी-कभी चोट भी लग जाती है। 


विवेकानंद कैंप का भी कुछ इसी तरह का नजारा है जहां पानी भरने के लिए लंबी-लंबी कतारों में लोगों को लगना पड़ रहा है। कभी-कभी लोगों के लिए पानी को लेकर आपस में बहस हो जाती है जो झगड़े में भी तब्दील हो जाती है। दिल्ली के वसंत विहार की बात करें तो यहां घर की महिलाएं ज्यादा परेशान हो रही हैं क्योंकि घर के पुरुष काम पर चले जाते हैं और पीछे घर में रह रही महिलाओं को पानी के लिए परेशान होना पड़ता है। कई बार तो महिलाएं रात के समय ही लाइन में लग जाती हैं। 

वहीं इस जल संकट पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज शुक्रवार के दिन कहा कि इस बार पूरे देश में बहुत ज्यादा गर्मी पड़ रीह ह जिसकी वजह से देशभर में पानी और बिजली का संकट हो गया है। और इतनी भीषण गर्मी में पानी की डिमांड बहुत बढ़ गई है।
अरविंद केजरीवाल ने अपनी एक्स पोस्ट में लिखा है कि जो पानी दिल्ली को पड़ोसी राज्यों से मिलता था, उसमें भी कमी कर दी गई है। यानी डिमांड बहुत बढ़ गई और सप्लाई कम हो गई। ऐसे में हम सबको मिलकर इसका निवारण करना है। बीजेपी के प्रदर्शन पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं देख रहा हूं कि बीजेपी के साथी हमारे खिलाफ धरने प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे समस्या का समाधा नहीं निकलेगा। उन्होंने लिखा कि अगर बीजेपी हरियाणा और यूपी की अपनी सरकारों से बात करके एक महीने के लिए दिल्ली को कुछ पानी दिलवा दें तो दिल्ली वाले बीजेपी के इस कदम की खूब सराहना करें। इतनी भीषण गर्मी किसी के हाथ की बात नहीं। लेकिन हम सब मिलकर काम करें तो लोगों को इससे राहत तो दिलवा सकते हैं। 


वहीं दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि वजीराबाद और ओखला प्लांट की क्षमता कम हुई है। दिल्ली में 1000 MGD पानी का उत्पादन होता है और दिल्ली को साढ़े 1200 MGD की जरूरत है। पानी को लेकर 30 साल पहले जो फैसला हुआ उसकी समीक्षा की जानी चाहिए ताकि दिल्ली में पानी की जरूरत को पूरा किया जा सके। 

दिल्ली में बढ़े इस जल संकट के चलते बीजेपी ने दिल्ली सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। दिल्ली बीजेपी महिला मोर्चा की महिलाओं ने आम आदमी सरकार के खिलाफ मटके लेकर प्रदर्शन किया। और अरविंद केजरीवाल, मंत्री आतिशी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। महिला मोर्चा की ये सदस्य मंत्री आतिशी के आवास के बाहर एकजुट हुई थीं। महिला मोर्चा की सदस्यों ने पानी के मुद्दे पर अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा भी मांगा।


दूसरी ओर दिल्ली में जल संकट को देखते हुए आम आदमी पार्टी सरकार ने पानी की बर्बादी अगर किसी ने की तो जल बोर्ड की गठित टीमें उन पर 2 हजार रुपये का चालान करेंगी। साथ ही अवैध वाटर कनेक्शन भी काटा जाएगा। ऐसे में कार धोने में पानी बर्बाद करने वालों पर एक्शन होगा।  किसी का वाटर टैंक ओवरफ्लो होता हुआ पाया गया तो उसका चालान कटेगा। घरेलू जल आपूर्ति का उपयोग अगर निर्माण या फिर व्यावसायिक कामों में किया गया तो उस व्यक्ति के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी।