शर्मसार हुआ पहाड़: घर में अकेली नाबालिग के साथ चाचा ने किया दुष्कर्म

शर्मसार हुआ पहाड़: घर में अकेली नाबालिग के साथ चाचा ने किया दुष्कर्म
सांकेतिक तस्वीर

अल्मोड़ा: जिले के चौखुटिया क्षेत्र के एक गांव में उसी गांव के रिश्ते के चाचा पर हाथ-पांव बांधकर एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। पीड़िता के जीजा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना से क्षेत्र में जबरदस्त आक्रोश है। पीड़ित किशोरी के माता-पिता दिल्ली में रहते हैं। आजकल उसके दादा-दादी भी दिल्ली गए थे। किशोरी घर में अकेली थी। इसी दौरान 10 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे पीड़िता का रिश्ते का चाचा विनोद लमकोटी उसके कमरे में घुस आया।

आरोप है कि विनोद ने किशोरी के साथ मारपीट की। उसके हाथ, पांव बांधकर दुष्कर्म किया। उसने किशोरी को धमकाया कि यदि उसने घटना की जानकारी किसी को दी तो वह वीडियो वायरल कर देगा। लड़की के चेहरे पर चोट के निशान भी बताए गए हैं। किशोरी के जीजा ने थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।  इधर, प्रभारी थानाध्यक्ष सुनील धनिक ने बताया कि किशोरी के बयान ले लिए गए हैं।उसे मेडिकल के लिए रानीखेत ले जाया गया। पॉक्सो में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है। इस घटना से लोगों में खासा रोष है। क्षेत्रवासियों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है।